भाजपा को तीन राज्यों में हराने के बाद इस जगह छुट्टी मनाने पहुंचे राहुल गांधी
By भाषा | Published: December 19, 2018 08:28 AM2018-12-19T08:28:56+5:302018-12-19T08:28:56+5:30
विधानसभा चुनाव में राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में बीजेपी को करारी टक्कर देकर कांग्रेस ने तीनों ही जगह अपनी सरकार बनायी है।
पांच राज्यों में चुनाव के लिए सघन प्रचार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके बच्चों के साथ छुट्टी मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के शिमला पहुंचे हैं। कांग्रेस के एक स्थानीय नेता ने बताया कि प्रियंका के साथ राहुल मंगलवार को सड़क मार्ग से शिमला पहुंचे।
वह छराबरा में प्रियंका का निर्माणाधीन मकान देखने भी गये। उन्होंने बताया कि रास्ते में वे सोलन जिले में एक ढाबे पर कुछ मिनट के लिए रूके और चाय नाश्ता किया। खबर पाकर कुछ स्थानीय कांग्रेस नेता और महिलाएं भी वहां पहुंचे।
स्थानीय नेता के अनुसार राहुल ने उनसे कहा कि ‘वह हिमाचल के एक निजी दौरे पर आए हैं। कांग्रेस नेता ने बताया कि राहुल, प्रियंका और उनके बच्चे छराबरा के एक होटल में रूके हुये हैं।
आपको बता दें हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में बीजेपी को करारी टक्कर देकर कांग्रेस ने अपनी सरकार बनायी है। किसानों के कर्ज माफी की समस्या पर बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि किसानों के कर्ज माफी के लिए हम केंद्र सरकार पर दवाब बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि जब तक किसानों का कर्ज माफ नहीं किया जाएगा तब तक हम शांत नहीं बैठेंगे और ना ही केंद्र सरकार को शांति से बैठने देंगे।