विकास दुबे की गिरफ्तारी किसी मिलीभगत का संकेत है? प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर खड़े किए कई सवाल

By विनीत कुमार | Published: July 9, 2020 01:49 PM2020-07-09T13:49:29+5:302020-07-09T13:55:04+5:30

अखिलेश यादव के बाद अब प्रियंका गांधी और दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर विकास दुबे की गिरफ्तारी के प्रकरण की जांच की मांग की है। प्रियंका गांधी ने साथ ही पूछा है कि इतनी सुरक्षा के बावजूद विकास कैसे उज्जैन पहुंच गया।

priyanka gandhi on vikas dubey arrest demands for cbi investigation in whole case | विकास दुबे की गिरफ्तारी किसी मिलीभगत का संकेत है? प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर खड़े किए कई सवाल

अलर्ट के बावजूद विकास दुबे उज्जैन कैसे पहुंच गया: प्रियंका गांधी (फाइल फोटो)

Highlightsविकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल, पूछा- आरोपी उज्जैन कैसे पहुंच गयायूपी सरकार इस पूरे मामले में फेल हुई है, पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराई जाए: प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश के कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास दुबे की मध्य प्रदेश में नाटकीय गिरफ्तारी के बाद विपक्ष ने राज्य सरकार पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर पूछा है कि अलर्ट के बावजूद कुख्यात अपराधी कैसे उज्जैन पहुंच गया और क्या ये कोई मिलीभगत है। 

साथ ही प्रियंका ने आरोप लगाए कि ये वाकया सुरक्षा के दावों की पोल भी खोलता है। प्रियंका ने राज्य सरकार से मामले की सीबीआई जांच की भी मांग की। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी कुछ ऐसे ही सवाल खड़े किए हैं। अखिलेश यादव ने मांग की है कि सरकार जल्दी ये सच बताए कि ये आत्मसमर्पण है या गिरफ्तारी। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने गैंगस्टर विकास दुबे के कॉल रिकॉर्ड भी सार्वजनिक करने की मांग की है। 

बहरहाल, प्रियंका गांधी ने विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद ट्वीट किया, 'कानपुर के जघन्य हत्याकांड में यूपी सरकार को जिस मुस्तैदी से काम करना चाहिए था, वह पूरी तरह फेल साबित हुई। अलर्ट के बावजूद आरोपी का उज्जैन तक पहुंचना, न सिर्फ सुरक्षा के दावों की पोल खोलता है बल्कि मिलीभगत की ओर इशारा करता है।' 

प्रियंका यहीं नहीं रूकी और एक ट्वीट किया। उन्होंने आगे लिखा, 'तीन महीने पुराने पत्र पर ‘नो एक्शन’ और कुख्यात अपराधियों की सूची में ‘विकास’ का नाम न होना बताता है कि इस मामले के तार दूर तक जुड़े हैं। यूपी सरकार को मामले की CBI जांच करा सभी तथ्यों और प्रोटेक्शन के ताल्लुकातों को जगज़ाहिर करना चाहिए।'

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी ट्वीट कर विकास दुबे की गिरफ्तारी की न्यायिक जांच की मांग कर डाली। उन्होंने ट्वीट किया, 'मैं शिवराज जी से विकास दुबे की गिरफ़्तारी या सरेंडर की न्यायिक जांच की मांग करता हूँ। इस कुख्यात गेंगस्टर के किस किस नेता व पुलिसकर्मियों से सम्पर्क हैं जांच होना चाहिए। विकास दुबे को न्यायिक हिरासत में रखते हुए इसकी पुख़्ता सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए ताकि सारे राज सामने आ सकें।'

गौरतलब है कि विकास दुबे को गुरुवार सुबह उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया। विकास की गिरफ्तारी के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि आगे की जांच के लिए विकास को यूपी पुलिस को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों राज्य मिलकर काम कर रहे हैं।

बता दें कि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार विकास को महाकाल प्रशासन मंदिर के सुरक्षा में लगे कर्मियों और कुछ अन्य लोगों ने पहचाना। बाद में पूछे जाने पर उसने खुद ही खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। विकास दुबे पर कानपुर में पिछले हफ्ते 8 पुलिसकर्मियों की हत्या की साजिश का आरोप है। पिछले 2 जुलाई की रात की इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। उस पर पुलिस ने 5 लाख रुपये तक कर दिया गया। इससे पहले गुरुवार सुबह विकास के दो और गुर्गे पुलिस द्वारा मारे गए। 

Web Title: priyanka gandhi on vikas dubey arrest demands for cbi investigation in whole case

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे