मणिपुर विधानसभाः संकट में कांग्रेस, छठे कांग्रेसी विधायक का इस्तीफा स्वीकार
By भाषा | Published: August 14, 2020 09:22 PM2020-08-14T21:22:58+5:302020-08-14T21:22:58+5:30
पार्टी छोड़ने वालों में ओकराम हेनरी सिंह, ओइनम लुखोई, मोहम्मद अब्दुल नासिर, पाओनाम ब्रोजन, नगमथांग हाओकिप और गिनसुआनहाऊ शामिल हैं। हेनरी सिंह कांग्रेस विधायक दल के नेता ओ इबोबी सिंह के भतीजे हैं।
इम्फालः मणिपुर विधानसभा अध्यक्ष यमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेसी विधायक पाओनाम ब्रोजन का इस्तीफा स्वीकर कर लिया। मणिपुर में कांग्रेस के छह विधायकों ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और पार्टी भी छोड़ दी थी।
विधानसभाध्यक्ष ने पांच का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था जबकि छठे विधायक पी ब्रोजन की अयोग्यता का मामला पहले से ही स्पीकर के ट्रिब्यूनल के पास लंबित था। विधानसभा अध्यक्ष ने यहां संवाददाताओं से कहा कि विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा स्वीकार किए जाने से पहले स्पीकर के ट्रिब्यूनल ने पाओनाम ब्रोजन को अयोग्य ठहराए जाने के संबंध में लंबित मामले को संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत खारिज कर दिया है।
इन छह विधायकों ने गत सोमवार को अपने इस्तीफे विधानसभाध्यक्ष यमनाम खेमचंद सिंह को सौंपे थे। ये सभी विधायक कांग्रेस के उन आठ विधायकों में शामिल हैं, जो पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुए सोमवार को विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में शामिल नहीं हुए थे।
इस सत्र में भाजपा नीत एन बीरेन सिंह सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया था। विधानसभा की सदस्यता के साथ ही पार्टी छोड़ने वालों में ओकराम हेनरी सिंह, ओइनम लुखोई, मोहम्मद अब्दुल नासिर, पाओनाम ब्रोजन, नगमथांग हाओकिप और गिनसुआनहाऊ शामिल हैं। हेनरी सिंह कांग्रेस विधायक दल के नेता ओ इबोबी सिंह के भतीजे हैं।