गुजरात स्थानीय निकाय चुनावः भाजपा ने 8474 सीटों में से 6110 सीटें जीतीं, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अमित चावड़ा, विपक्ष के नेता परेश धानाणी ने इस्तीफा दिया

By सतीश कुमार सिंह | Published: March 2, 2021 08:50 PM2021-03-02T20:50:11+5:302021-03-02T20:51:45+5:30

Gujarat local body elections: राज्य में 81 नगर पालिकाओं, 31 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों के लिए रविवार को मतदान हुआ था।

Gujarat local body elections BJP won 6110 out of 8474 seats State Congress chief Amit Chavda Leader of Opposition Paresh Dhanani resigns | गुजरात स्थानीय निकाय चुनावः भाजपा ने 8474 सीटों में से 6110 सीटें जीतीं, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अमित चावड़ा, विपक्ष के नेता परेश धानाणी ने इस्तीफा दिया

चावड़ा ने कहा कि लोगों ने ईवीएम पर संदेह जताया है और इन सभी चीजों की जांच होनी चाहिए।

Highlightsगुजरात के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र ने सर्वसम्मति से विकास पर मुहर लगाई है। सरकार के जनहित के कार्यों ने जहां लोगों के दिलों में जगह बनाई है।भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत रंग लाई है।

Gujarat local body elections: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की हार के मद्देनजर पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अमित चावड़ा और विपक्ष के नेता परेश धानाणी ने मंगलवार को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। चावड़ा ने कहा कि लोगों ने ईवीएम पर संदेह जताया है और इन सभी चीजों की जांच होनी चाहिए।

पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा कि भविष्य के कदम के बारे में फैसला अब कांग्रेस के शीर्ष पदाधिकारियों को करना है। चावडा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के रूप में चुनाव परिणामों की जिम्मेदारी लेते हुए, मैंने अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को सौंप दिया है।’’

उन्होंने कहा कि वह अब पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर काम करेंगे। मंगलवार को सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी 31 जिला पंचायतों, 81 नगरपालिकाओं में से 70 पर जीत हासिल की और वह 231 तालुका पंचायतों में अपनी मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस से बहुत आगे थी। भाजपा ने कुल 8,474 सीटों में से 6,110 सीटें जीती हैं जिसके लिए अब तक परिणाम घोषित किए गए हैं।

कांग्रेस केवल 1,768 सीटें जीत पायी और उसने केवल तीन नगरपालिकाओं में जीत हासिल कर सकी लेकिन किसी भी जिला पंचायत में खाता खोलने में असफल रही। कांग्रेस पार्टी केवल कुछ तालुका पंचायत निकायों में जीत हासिल कर सकी।

चावड़ा ने कहा, ‘‘चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के बिल्कुल विपरीत हैं। हमें अपने चुनाव प्रचार के दौरान लोगों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थीं, लेकिन परिणाम इसे प्रतिबिंबित नहीं करते। लोगों ने ईवीएम पर संदेह जताया है और इन सभी चीजों की जांच होनी चाहिए।’’

गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने इसकी पुष्टि की कि धानाणी ने भी दिल्ली में पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा भेज दिया है। दोशी ने कहा, ‘‘पार्टी नेतृत्व को दोनों इस्तीफे प्राप्त हो गए हैं। अब इन नेताओं के प्रतिस्थापन पर फैसला करना पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर निर्भर है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने चावड़ा और धानाणी को तब तक अपने पद पर बने रहने के लिए कहा है जब तक उनकी जगह लेने वाले की घोषणा नहीं हो जाती। गुजरात में पिछले महीने हुए निकाय चुनावों के पहले चरण में, भाजपा ने सभी छह नगर निगमों में जीत हासिल की थी। 

गुजरात भाजपा के विकास, सुशासन के एजेंडे के साथ मजबूती से खड़ा : मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम का संदेश साफ है कि राज्य की जनता भाजपा के विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ दृढ़ता से खड़ी है। गुजरात में नगरपालिका, जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों के चुनाव में भाजपा बड़ी जीत की ओर अग्रसर है।

मोदी ने भाजपा के प्रति स्नेह और विश्वास बनाए रखने के लिए जनता का आभार जताया। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘गुजरात में नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव के परिणामों से संदेश साफ है कि राज्य की जनता भाजपा के विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ मजबूती से खड़ी है। भाजपा के प्रति दृढ़ विश्वास और स्नेह के लिए गुजरात की जनता के समक्ष मैं शीश झुकाता हूं।’’ अब तक घोषित नतीजों के मुताबिक भाजपा भारी जीत की ओर बढ़ रही है।

Web Title: Gujarat local body elections BJP won 6110 out of 8474 seats State Congress chief Amit Chavda Leader of Opposition Paresh Dhanani resigns

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे