राजस्थान के सियासी दंगल पर कांग्रेस का प्रदर्शन, लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू हिरासत में लिए गए
By भाषा | Published: July 27, 2020 12:57 PM2020-07-27T12:57:49+5:302020-07-27T13:01:44+5:30
राजस्थान में सियासी परिस्थिति के विरोध में आज देश में कई जगहों पर कांग्रेस का प्रदर्शन हो रहा है। इसी क्रम में दिल्ली और यूपी में भी राजभवन के सामने प्रदर्शन किए गए।
कांग्रेस की दिल्ली इकाई के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार को गिराने के भाजपा के कथित प्रयास के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन किया। हालांकि, इन लोगों को पुलिस ने उस वक्त हिरासत में ले लिया जब इन्होंने उप राज्यपाल के कार्यालय की तरफ बढ़ने की कोशिश की। उत्तर प्रदेश में भी अजय लल्लू हिरासत में लिए गए।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कुमार ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन राजस्थान में भाजपा के ‘लोकतंत्र एवं संविधान विरोधी कदमों’ के खिलाफ था।
यूपी में अजय लल्लू और पी एल पुनिया गिरफ्तार
वहीं, दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भी काग्रेस नताओं ने राजभवन पर धरना दिया। इस दौरान पुलिस से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई। साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू और राज्यसभा सांसद पी एल पुनिया को राजभवन के सामने से पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया।
गौरतलब है कि कांग्रेस राजस्थान में राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर सोमवार को सभी प्रदेशों में राजभवनों के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रही है। उसका आरोप है कि केंद्र सरकार कांग्रेस की राज्य सरकारों को अस्थिर करने के लिए राज्यपालों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।
हालांकि, राजस्थान के कांग्रेस विधायकों ने 'लोकतंत्र बचाओ-संविधान बचाओ' कार्यक्रम के तहत सोमवार को एक प्रार्थना सभा में भाग लिया। यह प्रार्थना सभा उस होटल में हुई, जिसमें अशोक गहलोत सरकार के समर्थक कांग्रेस, निर्दलीय एवं अन्य विधायक ठहरे हुए हैं।
प्रार्थना सभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अविनाश पांडे एवं अजय माकन ने भी भाग लिया। दरअसल, राजस्थान कांग्रेस ने 'लोकतंत्र बचाओ-संविधान बचाओ' कार्यक्रम के तहत राजभवन के सामने प्रदर्शन के आह्वान को रविवार को वापस ले लिया था।