प्रियंका गांधी को सामने देख फूट-फूट कर रोने लगीं महिलाएं, कहा- पुलिस ने औरतों-बच्चों को घर में घुसकर पीटा

By अमित कुमार | Published: February 21, 2021 04:38 PM2021-02-21T16:38:44+5:302021-02-21T16:40:07+5:30

उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार को संगम नगरी प्रयागराज में यमुनापार के बसवार गांव गईं। यहां पर उन्होंने वहां रह रहे लोगों से बातचीत की।

Congress General Secretary Priyanka Gandhi Vadra in Prayagraj meets Nishad family | प्रियंका गांधी को सामने देख फूट-फूट कर रोने लगीं महिलाएं, कहा- पुलिस ने औरतों-बच्चों को घर में घुसकर पीटा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा। (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)

Highlightsप्रियंका गांधी ने पीड़ित मछुआरों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना।प्रियंका गांधी करीब डेढ़ घंटे तक नाविक परिवारों संग बातचीत करती रहीं।इस दौरान प्रियंका गांधी ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के यमुनापार बसवार गांव में कथित पुलिस उत्पीड़न के शिकार लोगों के बीच रविवार को आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार खनन माफिया एवं दूसरे अन्य माफियाओं के लिए चलाई जा रही है। मछुआरा समाज की महिलाओं के आंसू प्रियंका गांधी को सामने पाकर रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। 

महिलाओं ने कहा कि पुलिस ने घर में घुसकर औरतों और बच्चों को भी बेरहमी से पीटा। घर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। गत चार फरवरी को बसवार में बालू के अवैध खनन को लेकर इसमें कथित रूप से लिप्त निषाद समाज के लोगों के साथ पुलिस की मारपीट और उनकी नौका तोड़े जानी की घटना के बाद प्रियंका गांधी का यह दौरा हुआ है जो राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। 

बसवार गांव में यमुना तट पर लगी चौपाल में प्रियंका ने लोगों से कहा कि यहां के लोगों ने मुझे बताया कि किस तरह से पहले पट्टे मिलते थे, आपका उन पर अधिकार होता था और आपको कुछ चीजों की छूट थी। यह छूट इसलिए थी क्योंकि उस समय की सरकार यह समझती थी कि नदियों, जंगल, पहाड़ के आसपास के रहने वाले लोग नदियों और जंगल को कभी हानि नहीं पहुंचाएंगे क्योंकि आपका जीवन उस पर निर्भर है। 

उन्होंने कहा कि बड़े बड़े उद्योग चलाने वाले लोगों, ठेकेदारों का जीवन नदी, जंगल आदि से नहीं जुड़ा होता और जब वे काम करते हैं तो वे व्यापार करते हैं। उन्हें नदी, जंगल आदि के नुकसान से कोई लेनादेना नहीं होता। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आपका जीवन ही इसी काम पर निर्भर है और जब यह बात सरकार समझती है और आपके प्रति जागरूक होती है तो वह इसी के मुताबिक नीतियां, नियम और कानून बनाती है जिससे आपका भला हो और नदी का भी भला हो। 

खनन माफिया के लिए चलाई जा रही है सरकार

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार आपके के लिए नहीं चल रही है । यह खनन माफिया के लिए चलाई जा रही है । यह अन्य माफियाओं के लिए भी चलाई जा रही है। आपने किसानों के आंदोलन के बारे में सुना होगा। वह इसीलिए चल रहा है क्योंकि उनके मामलों को भी सरकार समझ नहीं रही है या पूरी तरह से समझ भी रही है लेकिन मदद नहीं करना चाहती।

प्रियंका गांधी ने की पुलिस उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से बातचीत

कांग्रेस नेता ने कहा कि इसी तरह से जो कानून नदियों पर लागू है, वह आपकी और नदियों की भलाई के लिए नहीं है। ये कानून इसलिए लागू किये जा रहे हैं जिससे बड़े लोग अपना कारोबार कर सकें, नदी से कमाई कर सकें। पुलिस उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से बातचीत के बाद प्रियंका ने कहा कि मैं आपकी तरह महिला हूं और मैं आपकी पीड़ा समझ सकती हूं। अगर आपको यहां मारा पीटा गया है तो शासन, प्रशासन और पुलिस को शर्म आनी चाहिए। हम इस मुद्दे को उठाएंगे और पूरी तरह से आपकी लड़ाई लड़ेंगे।

सत्ता किसने दी है इस बात को भूल जाते हैं नेता

उन्होंने कहा कि आपकी बिरादरी (निषाद) ने इस सरकार की बहुत मदद की है और आपके वोट से यह सरकार आई है। जब नेता यह भूल जाता है कि उसे सत्ता किसने दी है तो वह भटकने लगता है। न्यायपालिका में मदद की आपकी मांग पर मैं (कपिल) सिब्बल साहब, सलमान (खुर्शीद) साहब और (अभिषेक मनु) सिंघवी साहब से बात करूंगी। वे आपकी मदद करेंगे और हमारे कांग्रेस के कार्यकर्ता भी यहां आपकी मदद करेंगे।

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की सरकार आने पर किए कई वादे 

प्रियंका ने कहा कि अगर हमारी सरकार यहां आएगी तो हम आपके पट्टे के अधिकार दिलाएंगे। चौपाल के बाद कांग्रेस महासचिव ने कार्यक्रम स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर घटनास्थल का पैदल दौरा किया और टूटी हुई नावों का निरीक्षण कर प्रभावित नाविकों से बातचीत की और उनका दुख दर्द बांटा। प्रियंका गांधी के इस दौरे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, देवेंद्र निषाद, मकसूद खान, मुकुंद तिवारी आदि मौजूद रहे। (भाषा)

Web Title: Congress General Secretary Priyanka Gandhi Vadra in Prayagraj meets Nishad family

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे