गठबंधन पर बोले चिराग पासवान- मजबूत है बुआ-भतीजे का साथ, चुनौती देने के लिए NDA भी करे मजबूत तैयारी
By भाषा | Published: January 13, 2019 06:04 AM2019-01-13T06:04:42+5:302019-01-13T06:04:42+5:30
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) आगामी लोकसभा चुनाव 2019 में उत्तर प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों में से 38-38 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगी।
भाजपा की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने शनिवार को सपा..बसपा गठबंधन को एक मजबूत चुनावी गठजोड़ बताया और कहा कि सत्ताधारी राजग को भी विपक्ष को चुनौती देने के लिए स्वयं को सुदृढ़ बनाना होगा।
लोजपा नेता चिराग पासवान ने कभी धुर प्रतिद्वंद्वी रहे दलों के गठबंधन को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह गठजोड़ उनके बीच हुआ है जिन्होंने आय के ज्ञात स्रोत से अधिक सम्पत्ति एकत्रित की। उनका परोक्ष इशारा बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की ओर था। पासवान ने कहा कि दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक शासन किया जहां के लोगों को बेरोजगारी और अपराध के चलते दूसरे जगह जाने को मजबूर होना पड़ा।
चुनावी रणनीति से बसपा-सपा गठबंधन एक मज़बूत गठबंधन है।चुनौती देने के लिए एन॰डी॰ए को भी अपना कुनबा मजबूत करना चाहिए ताकि यूपी की जनता ऐसे गठबंधन को मुँहतोड़ जवाब दे सके।#NDA#SPBSPalliance
— Chirag Paswan (@ichiragpaswan) January 12, 2019
उन्होंने कहा कि एक चुनावी रणनीति के तौर पर सपा..बसपा का गठबंधन मजबूत है। भाजपा नीत राजग को भी उसे चुनौती देने को स्वयं को सुदृढ़ बनाना होगा ताकि उत्तर प्रदेश के लोग सपा..बसपा गठबंधन को एक मुंहतोड़ जवाब दे सकें।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) आगामी लोकसभा चुनाव 2019 में उत्तर प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों में से 38-38 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगी। इन दोनों पार्टियों ने राज्य की दो सीटें छोटी पार्टियों के लिए छोडी हैं जबकि अमेठी और रायबरेली की दो सीटें कांग्रेस पार्टी के लिए छोड़ने का फैसला किया है।