भाजपा में बदलाव, लोकसभा और राज्यसभा में मुख्य सचेतक बदले, राकेश सिंह-शिव प्रताप शुक्ला चीफ़ व्हिप नियुक्त
By भाषा | Published: July 21, 2020 03:07 PM2020-07-21T15:07:26+5:302020-07-21T21:21:36+5:30
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य शुक्ला को नारायण पंचारिया की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही में पंचारिया का कार्यकाल समाप्त हो गया था। मध्य प्रदेश के जबलपुर से भाजपा के सांसद राकेश सिंह लोकसभा में संजय जायसवाल की जगह लेंगे।
नई दिल्लीः पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला और मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह को क्रमश: राज्यसभा और लोकसभा में भाजपा का नया मुख्य सचेतक बनाया गया है।
सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य शुक्ला को नारायण पंचारिया की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही में पंचारिया का कार्यकाल समाप्त हो गया था। मध्य प्रदेश के जबलपुर से भाजपा के सांसद राकेश सिंह लोकसभा में संजय जायसवाल की जगह लेंगे।
जायसवाल को पिछले दिनों बिहार प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। राकेश सिंह पहले भी लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रह चुके हैं। मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति होने के बाद उन्होंने ये पद छोड़ दिया था। दोनों नियुक्तियां स्पष्ट इंगित करती हैं कि भाजपा संसद के आगामी मानसून की तैयारियों में जुट गई है।
मानसून सत्र अगस्त के आखिरी सप्ताह में या सितम्बर महीने में आरंभ हो सकता है
मानसून सत्र अगस्त के आखिरी सप्ताह में या सितम्बर महीने में आरंभ हो सकता है। इस बीच, बुधवार को राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा। कोरोना महामारी के परिणामस्वरूप तय दिशा-निर्देशों के तहत कुल 61 नवनिर्वाचित सदस्यों में 45 सदस्यों ने ही शपथ ग्रहण में शामिल होने की स्वीकृति दी है।
यह पहला मौका होगा जब राज्यसभा के निर्वाचित सदस्य अंतर सत्र की अवधि में सदन के चैम्बर में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण आमतौर पर या तो सत्र के दौरान होता है अथवा जब संसद सत्र नहीं होता है तब राज्यसभा के सभापति के चैम्बर में होता है।
राज्यसभा के लिये हाल के चुनाव में 20 राज्यों से 61 सदस्य निर्वाचित हुए हैं । अधिकारियों के मुताबिक बाकी बचे निर्वाचित सदस्यों को संसद के मानसून सत्र के दौरान शपथ दिलायी जाएगी । पिछले दिनों कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह व मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार सहित अन्य नवनिर्वाचित सदस्य राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू की उपस्थिति में शपथ ग्रहण करेंगे।
एक वंश प्रधानमंत्री मोदी को बर्बाद करने में लगा है: भाजपा अध्यक्ष नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने चीन के साथ सीमा पर चल रहे गतिरोध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि रक्षा और विदेश नीति से संबंधित मुद्दों के ‘‘राजनीतिकरण’’ का उनका प्रयास एक वंश के पिछले ‘‘पापों’’को धोने की हताशा और मोदी को ‘‘बर्बाद’’ करने की कोशिश को दर्शाता है।
नड्डा ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ऐसे बयान दे रहे हैं जो ‘‘तथ्यों में कमजोर’’ और ‘‘कीचड़ उछालने में मजबूत’’ हैं। उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में चाहे वह डोकलाम का मामला हो या चीन के साथ मौजूदा गतिरोध का मुद्दा, राहुल गांधी भारतीय सशस्त्र बलों पर विश्वास करने की बजाय चीन की ओर से दी गई जानकारियों को तरजीह देते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘रक्षा और विदेश नीति से जुड़े मुद्दों के राजनीतिकरण का प्रयास एक वंश की 1962 के पिछले पापों को धोने और भारत को कमजोर करने की हताशा को दर्शाता है।’’ नड्डा ने कहा, ‘‘चाहे वह डोकलाम का मामला हो या अभी का, हाल के वर्षों में राहुलजी भारतीय सशस्त्र बलों पर विश्वास करने की बजाय चीन की ओर से दी गई जानकारी में ज्यादा दिलचस्पी रखते हैं। क्यों एक परिवार भारत को कमजोर और चीन को मजबूत देखना चाहता है। कांग्रेस में भी कई नेता एक वंश के इस छल को नापसंद करते हैं।’’
सीमा विवाद से जुड़ा एक साधारण मामला भर नहीं है
भाजपा अध्यक्ष की यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी के उस बयान के बाद आई जिसमें उन्होंने लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध की पृष्ठभूमि में दावा किया कि यह सीमा विवाद से जुड़ा एक साधारण मामला भर नहीं है बल्कि प्रधानमंत्री की ‘56 इंच वाली छवि’ पर हमले की चीन की साजिश है। गांधी ने कहा कि चीन प्रधानमंत्री पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है ताकि वे वैसा ही करें जैसा चीन चाहता है, नहीं तो वह उनकी मजबूत नेता की छवि को धूमिल कर देगा।
दबाव में आकर वह अपनी छवि बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह सवाल भी किया कि क्या प्रधानमंत्री मोदी स्पष्ट करेंगे कि उन्हें अपनी छवि की चिंता नहीं है और वह चीनी चुनौती को स्वीकार करते हैं? गांधी की ओर से सोमवार को लद्दाख गतिरोध पर जारी ताजा वीडियो को खुद को पुनः स्थापित करने का उनका ‘‘असफल प्रयास’’ करार देते हुए नड्डा ने कहा कि चीन ने ‘‘एक वंश में रणनीतिक निवेश किया है जिसका उसे बड़ा लाभांश भी मिला है।’’
मंदिर निर्माण की तारीख बताकर हमने विपक्ष की बोलती बंद कर दी है : भाजपा
उत्तर प्रदेश भाजपा के महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने कहा कि है अब हमने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण की तिथि बताकर विपक्ष की बोलती बंद कर दी है। सोनकर ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘भाजपा का नारा था कि 'रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे'। विपक्षी दलों ने इसे तोड़—मरोड़ कर कहा कि ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे’।
अब भाजपा ने मंदिर निर्माण की तारीख भी घोषित करके विपक्षी दलों की बोलती बंद कर दी है।’’ उन्होंने बताया कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी पांच अगस्त को करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी जब पूर्ण रूप से सत्ता में आएगी तो वह मंदिर निर्माण की आ रही बाधाओं को दूर कर लेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की उत्तर प्रदेश में और केंद्र में सत्ता होने के कारण ही अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।