बिहार लोजपा में भगदड़, जदयू के बाद अब भाजपा ने भी लगाई सेंध, पूर्व महासचिव सहित सैकड़ों ने थामा दामन
By एस पी सिन्हा | Published: March 2, 2021 07:07 PM2021-03-02T19:07:34+5:302021-03-02T19:09:55+5:30
लोजपा के पूर्व प्रदेश महासचिव विश्वनाथ प्रसाद कुशवाहा, पार्टी के 24 से ज्यादा पदाधिकारी सहित सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम कर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से लोजपा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
अभी कुछ दिन पूर्व ही लोजपा के 208 नेताओं-कार्यकर्ताओं ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की थी। यह मामला अभी पुराना भी नहीं हुआ था कि अब आज लोजपा के पूर्व प्रदेश महासचिव विश्वनाथ प्रसाद कुशवाहा, पार्टी के 24 से ज्यादा पदाधिकारी सहित सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम कर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
इसतरह से लोजपा में टूट का सिलसिला जारी है। बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल मौजूदगी में बेतिया में लोजपा नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में पूर्व लोजपा महासचिव विश्वनाथ प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि लोजपा में अब काफी बदलाव हो गया है, जिस सोच के साथ रामविलास पासवान ने पार्टी बनाई थी, वो अब नदारद है।
चिराग पासवान हमेशा कुछ चुनिंदा लोगों से घिरे रहते हैं। कहीं ना कहीं वो पार्टी के कार्यकर्ताओं को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। लोजपा में रहकर अपमानित होने से बेहतर भाजपा से जुड़कर देश के विकास में भागीदार बनें। लोजपा में लोकतंत्र समाप्त हो चुका है, इसी कारण पिछले नवंबर माह में ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा में शामिल होकर काफी खुशी महसूस हो रही है। वहीं, सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी और प्रधानमंत्री के विकास कार्यों से प्रभावित होकर ही लोग भाजपा से जुड़ना चाह रहे हैं। हम सभी का स्वागत करते हैं। पार्टी में सभी को यथोचित सम्मान दिया जाएगा, हमने बिहार में मुफ्त कोरोना वैक्सीन का वादा किया था।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उस वादे को पूरा भी कर दिखाया, यही नहीं, भाजपा ने केंद्र सरकार में बतौर मंत्री रहे रामविलास पासवान को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया. हमने उन्हें सम्मान देकर यह बताया कि उनके जैसा नेता कोई विरले ही होता है। वो सदा जनसेवा के लिए तत्पर थे और लोगों के हित में ही फैसले लेते थे।
डॉ संजय जायसवाल ने लोजपा नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीतिक विचारधारा है। भाजपा में शामिल होने वाले सभी को पार्टी में एक परिवार और भाई की तरह सम्मान मिलेगा। कहा कि पूर्व में लोजपा-भाजपा का मजबूत गठबंधन रहा है। उस दौर में सबके साथ काम कर चुके हैं। रामविलास पासवान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खडे़ रहते थे। उन्होंने कहा कि चंपारण भाजपा का गढ़ है, लोजपा नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद अब अभेद्य किला बन गया है।