ताजा सर्वे में दावाः राजस्थान में कांग्रेस बहुमत से बनाएगी सरकार, MP-CG में भी BJP होगी फेल
By जनार्दन पाण्डेय | Published: October 11, 2018 12:15 PM2018-10-11T12:15:31+5:302018-10-11T12:15:31+5:30
Assembly election 2018 survey: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्रमशः शिवराज सिंह चौहान और डॉ. रमन सिंह की 15-15 सालों से सरकार है। लेकिन चौथी बार उनके लिए राह आसान नहीं है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनावों को लेकर सर्वे आने के दौर शुरू हो चुके हैं। सभी प्रमुख चुनावी ओपीनियन पोल, सर्वे एजेंसियों ने इन तीनों प्रमुख राज्यों के नतीजों को लेकर सर्वे जारी करने शुरू कर दिए हैं। टीवी चैनल न्यूज नेशन के ताजा सर्वे के एक ताजा सर्वे के अनुसार तीनों ही राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को झटका लगने वाला है।
सर्वे में हुए दावों के अनुसार आगमी तीन प्रमुख उत्तर भारतीय राज्य राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में बीजेपी से सत्ता छिनती नजर आ रही है। उल्लेखनीय है कि इन तीनों ही राज्यों में बीजेपी की सरकार है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्रमशः शिवराज सिंह चौहान और डॉ. रमन सिंह की 15-15 सालों से सरकार है। लेकिन चौथी बार उनके लिए राह आसान नहीं है।
वहीं, राजस्थान अपने पारंपरिक सत्ता परिर्वतन के राह पर अग्रसर है और हर बार सरकार बदलने की रस्म कायम रखते हुए इस साल बीजेपी सत्ता छीनकर कांग्रेस को गद्दी पर बिठाने वाली है।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018, बीजेपी नहीं ये हैं निर्णायक भूमिका में
न्यूज नेशन के सर्व में आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 109 से 113 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। जबकि कांग्रेस को 107 से 111 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। वहीं अन्य के हाथों में 8 से 10 सीटें मिलने के आसार जताए गए हैं।
ऐसे में यह बात बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है कि सरकार कौन बनाएगा। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में कुल 230 विधानसभा सीटें हैं। यहां सरकार बनाने के लिए कुल 116 सीटों की जरूरत पड़ेगी।
कांग्रेस के पक्ष में जाता दिखाई दे रहा है माहौल- इस सर्वे के नतीजों को मानें तो समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी भी कुछ सीटें जीत सकती हैं, जो चुनाव बाद किसी हाल में बीजेपी के साथ नहीं जाएंगी। जबकि कांग्रेस के साथ उनके आने के पूरे आसार हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018, बीजेपी नहीं इनके हाथ में सत्ता की चाबी
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 43 से 47 सीटें मिलने का सर्वे में दावा किया गया है। जबकि कांग्रेस को 36 से 40 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है। जबकि इसके अलावा प्रदेश में चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुकी पार्टियों को भी 3 से 7 सीटें मिलती नजर आ रही हैं।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में कुल 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इसमें सरकार बनाने के लिए 46 सीटों की जरूरत पड़ेगी।
कांग्रेस-बीजेपी में होगी सरकर बनाने की तकरारः अगर इस सर्वे की मानें तो दोनों ही पार्टियों के पास स्पष्ट बहुमत जाता नहीं दिख रहा है। जबकि प्रदेश में जनता कांग्रेस व बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन निर्णायक भूमिका की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। ऐसे में कांग्रेस चुनाव बाद इस गठबंधन का दिल खोलकर स्वागत कर सकती है। जैसा कि कर्नाटक में जनता दल सेक्यूलर और बीएसपी के साथ किया तो बीजेपी से सत्ता छिनती दिखाई दे रही है।
राजस्थान में बहुमत से लौटेगी कांग्रेस
न्यूज नेशन के सर्वे की माने तो प्रदेश में कांग्रेस को 113 से 117 सीटों पर जीत मिलती नजर आ रही है। जबकि बीजेपी के खाते में 71 से 75 सीटें ही आती नजर आ रही हैं। वहीं इसके अलावा दूसरी पार्टियों व निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 10 से 14 सीटें जाने के दावे हैं।
उल्लखनीय है कि 200 विधानसभा सीटों वाले राजस्थान बहुमत के लिए कुल 101 सीटों की जरूरत पड़ेगी। लेकिन कांग्रेस इससे आगे निकलती नजर आ रही है।
तेलंगाना और मिजोरम अभी सर्वे नहीं
आगामी नवंबर दिसंबर में तीन नहीं बल्कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। जिनमें मिजोरम कांग्रेस और तेलंगाना में तेलंगाना राष्ट्रीय समिति की सरकार है। इन दोनों राज्यों में बीजेपी खासी कमजोर पार्टी रही है। लेकिन कांग्रेस दोनों ही राज्यों में प्रमुख पार्टियों में से एक है।