असम विधानसभा चुनाव: सीएम सर्बानंद सोनोवाल माजुली सीट से लड़ेंगे चुनाव, जानिए हेमंत बिस्व सरमा कहां से लड़ेंगे इलेक्शन

By सतीश कुमार सिंह | Published: March 5, 2021 07:13 PM2021-03-05T19:13:14+5:302021-03-05T20:37:54+5:30

आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की मैराथन बैठक हुई।

Assam Assembly Elections CM Sarbananda Sonowal to contest Majuli Himanta Biswa Sarma Jalukbari constituency | असम विधानसभा चुनाव: सीएम सर्बानंद सोनोवाल माजुली सीट से लड़ेंगे चुनाव, जानिए हेमंत बिस्व सरमा कहां से लड़ेंगे इलेक्शन

असम में विधानसभा की कुल 126 सीटें हैं। राज्य में तीन चरणों में मतदान होने हैं। (file photo)

Highlightsपश्चिम बंगाल में 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच आठ चरणों में जबकि असम में 27 मार्च से छह अप्रैल के बीच तीन चरणों में मतदान संपन्न होगा।भाजपा ने पहली बार पूर्वोत्तर के किसी राज्य में सत्ता हासिल की थी।पिछले चुनाव में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने भाजपा और अगप के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था।

नई दिल्लीः आगामी असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा और उसके सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के बीच 86 सीटों पर तालमेल हो गया।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने घोषणा की। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल माजुली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। जालुकबारी विधानसभा सीट से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व सरमा चुनाव लड़ेंगे। असम में विधानसभा की कुल 126 सीटें हैं। राज्य में तीन चरणों में मतदान होने हैं।

भाजपा ने शुक्रवार को आगामी असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने 70 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल माजुली से, प्रदेश अध्यक्ष रंजीत दास पटाचारकुची से और राज्य सरकार के मंत्री हेमंत विश्व सरमा जालुकबारी से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने 11 वर्तमान विधायकों के टिकट काटे हैं जबकि 11 सीटों पर अनुसूचित जनजाति और चार सीटों पर अनुसूचित जनजाति उम्मीदवारों को टिकट दिया।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि असम में अपने सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। भाजपा ने जिन 70 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की उन पर पहले और दूसरे चरण में मतदान होना है।

सूत्रों ने बताया कि सीटों के तालमेल के मुताबिक भाजपा 92 सीटों पर, अगप 26 जबकि यूपीपीएल आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 60 सीटों पर जीत मिली थी जबकि अगप को 14 सीटों पर जीत मिली थी। यूपीपीएल भाजपा के साथ गठबंधन का हाल ही में हिस्सा बनी है। फिलहाल विधानसभा में उसका एक भी सदस्य नहीं है।

पिछले चुनाव में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने भाजपा और अगप के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था और उसने 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार चुनाव में बीपीएफ ने कांग्रेस और एआईयूडीएफ के साथ गठबंधन किया है। असम में 27 मार्च से छह अप्रैल के बीच तीन चरणों में मतदान संपन्न होगा।

पहले चरण के तहत राज्य की 47 विधानसभा सीटों पर 27 मार्च को, दूसरे चरण के तहत 39 विधानसभा सीटों पर एक अप्रैल और तीसरे व अंतिम चरण के तहत 40 विधानसभा सीटों पर छह अप्रैल को मतदान संपन्न होगा। नामांकन की आखिरी तारीख नौ मार्च है। पहले चरण में जिन सीटों पर मतदान होना हैं उनमें माजुली और बोकाखाट विधानसभा सीटें प्रमुख हैं।

सोनोवाल माजुली से जबकि अगप के बोरा बोकाखाट से विधायक हैं। इस बार असम में भाजपा को अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है। वहां उसका सामना कांग्रेस और एआईयूडीएफ के गठबंधन से है। भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में 10 सालों के कांग्रेस शासन का अंत करते हुए पहली बार पूर्वोत्तर के किसी राज्य में सत्ता हासिल की थी।

Web Title: Assam Assembly Elections CM Sarbananda Sonowal to contest Majuli Himanta Biswa Sarma Jalukbari constituency

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे