21 दिसंबर को करीब 400 साल बाद दिखेगा अनोखा नजारा, बृहस्पति और शनि का रोमांचक मिलन

By सतीश कुमार सिंह | Published: December 6, 2020 07:11 PM2020-12-06T19:11:55+5:302020-12-06T19:14:10+5:30

Next

करीब चार सौ साल बाद बृहस्पति और शनि के बहुत करीब आने तथा एक चमकदार तारे की तरह दिखने का दुर्लभ नजारा आगामी 21 दिसंबर को आसमान में देखा जा सकेगा।

एम पी बिड़ला तारामंडल के निदेशक देबी प्रसाद दुआरी ने एक बयान में कहा कि दोनों ग्रहों को 1623 के बाद से कभी इतने करीब नहीं देखा गया।

जब दो खगोलीय पिंड पृथ्वी से एक दूसरे के बहुत करीब नजर आते हैं तो इस घटनाक्रम को ‘कंजक्शन’ कहते हैं।

शनि तथा बृहस्पति के इस तरह के मिलन को ‘ग्रेट कंजक्शन’ कहते हैं। बृहस्पति और शनि के बीच अगला ऐसा संयोग 60 साल बाद ही दिखेगा।

इसके बाद ये दोनों ग्रह 15 मार्च, 2080 को पुन: इतने करीब होंगे। 21 दिसंबर के पहले भी दोनों ग्रह धीरे-धीरे एक-दूसरे के नजदीक आते दिखते रहेंगे।

दुआरी ने बताया कि 21 दिसंबर को दोनों ग्रहों के बीच की दूरी करीब 73.5 करोड़ किलोमीटर होगी। हर दिन ये दोनों एक दूसरे के थोड़े करीब आते जाएंगे।

भारत में अधिकतर शहरों में सूर्यास्त के पश्चात इस घटनाक्रम का दीदार किया जा सकता है। अद्भुत खगोलीय घटना को कैमरों में कैद करने के लिए दुनिया भर के वैज्ञानिकों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। (सभी फाइल फोटो)