गर्मियों में त्वचा से जुड़ी समस्याओं को जड़ से खत्म कर सकती है ये 8 चीजें, देखें तस्वीरें

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: May 23, 2019 07:16 AM2019-05-23T07:16:52+5:302019-05-23T07:16:52+5:30

Next

गर्मियों में त्वचा से जुड़ीं समस्याओं का सबसे ज्यादा खतरा होता है। धूप, नमी और पसीने के कारण इस मौसम में फोड़े, फुंसी, दाग, खाज और खुजली होना आम बात है। एक्सपर्ट मानते हैं कि किसी भी तरह के चर्म रोग होने और उसके उपचार में साफ-सफाई, खानपान और जीवनशैली का अहम रोल है। लापरवाही बरतने पर ये रोग पूरे शरीर में फैलने लगते हैं।

वैसे तो त्वचा रोगों के लिए कई तरह के उपचार मौजूद हैं लेकिन कई घरेलू उपचारों के जरिये भी आप इन समस्याओं से छुटकारा पा सकते हैं।

1) चंदन पाउडर: चंदन पाउडर में क्लींजिंग गुण होते हैं। इसे दूध या गुलाब जल के साथ मिलाने से भी दाग-धब्बे दूर करने में मदद मिलती है। इसके लिए आपको चंदन पाउडर, दूध / गुलाब जल चाहिए। पहले चंदन पाउडर को दूध या गुलाब जल के साथ मिलाकर पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट को अपने चेहरे पर आधे घंटे के लिए लगाएं। इसके बाद ठंडे पानी से अपना चेहरा धो लें।

2) बादाम: इस फेस पैक के लिए आपको थोड़े से बादाम और गुलाब जल चाहिए। दो से तीन बादाम पानी में भिगोकर रात भर छोड़ दें। त्वचा को छीलें और बादाम को मैश करके गुलाब जल के साथ मिलाएं। अपने चेहरे पर लगाएं।

3) शहद: इसके लिए आपको शहद, सूखी ओट्स और एलोवेरा जेल चाहिए। पहले शहद, सूखी ओट्स और एलोवेरा जेल को ब्लेंड करके पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और 30 मिनट के लिए छोड़ दें। 30 मिनट के बाद, पैक को गुनगुने पानी से धो लें।

4) शहद और अंडे का पाउडर: इस उपाय के लिए आपको अंडे का सफेद हिस्सा और शहद चाहिए। इसके लिए अंडे का सफेद भाग लें, इसे एक कटोरे में डालें। इसमें शहद की कुछ बूंदे डालकर मिक्स कर लें और प्रभावित हिस्से पर लगा लें। इसे 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद गुनगुने पानी से धो लें।

5) नींबू का रस: कुछ नींबू का रस निकालें और प्रभावित क्षेत्र पर लागू करें। इसे अपने चेहरे पर लगाने के लिए कॉटन स्वैब का इस्तेमाल करें। इसे 10 से 15 मिनट तक रहने दें और फिर इसे सामान्य तापमान वाले पानी से धो लें। बेहतर रिजल्ट के लिए आप इसे दिन में तीन बार भी उपयोग कर सकते हैं।

6) नीम का पानी: गर्मियों में त्वचा पर फुंसी होना भी आम समस्या है। रोम छिद्रों के संक्रमित होने पर फुंसी होती है। यह चेहरे, खोपड़ी, बगल, पीठ, छाती, गर्दन, जांघों और नितंबों पर कहीं भी हो सकती हैं। इससे राहत पाने के लिए आप नीम के पानी से स्नान कर सकते हैं। इसके अलावा प्रभावित हिस्से पर सेब के सिरके को पानी के साथ मिलाकर लगा सकते हैं।

7) मुल्तानी मिट्टी: गर्मियों में पसीना बैक्टीरिया और तेल के साथ मिलकर त्वचा पर मुंहासे पैदा करता है। ऐसा आपके छिद्रों के बंद होने से होता है। खासकर ऑयली स्किन वालों को यह समस्या बहुत होती है। इन्हें खत्म करने के लिए आपको मुल्तानी मिट्टी में एक चम्मच सेब के सिरके को डालकर पेस्ट बनाकर प्रभावित हिस्से पर लहाना चाहिए।

8) सेब का सिरका: मेलास्मा चेहरे पर पड़ने वाले सामान्‍य निशान होते हैं। इसमें हमारे चेहरे की त्‍वचा पर भूरे धब्‍बे पड़ सकते हैं। हार्मोन परिवर्तन और तनाव के कारण चेहरे पर जो गहरे रंग के धब्बे पड़ जाते हैं उन का इलाज बहुत मुश्किल है। ये निशान अधिकतर महिलाओं में ज्यादा होती है। इससे बचने के लिए आप सेब के सिरके को पानी के साथ मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं।