IND vs AUS, 1st ODI: भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने पहली ही पारी में बना दिए ये 5 रिकॉर्ड

पहले एकदिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने टीम इंडिया के गेंदबाजों को बुरी तरह से धोया। डेविड वॉर्नर (69) और ग्लेन मैक्सवेल (19 गेंदों पर 45) के अलावा कप्तान आरोन फिंच (114) और स्टीव स्मिथ (105) ने शतक बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 374 रन बनाए। इस मैच की पहली पारी में पांच बड़े रिकॉर्ड टूट गए।

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान फिंच ने वनडे क्रिकेट में 5,000 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे तेज 5,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में फिंच दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 126 पारियों में ऐसा किया था। फिंच ने ऑस्ट्रेलिया के दिवंगत डीन जोन्स (128 पारियों) का रिकॉर्ड तोड़ा। डेविड वॉर्नर 115 पारियों के साथ सूची में सबसे ऊपर हैं।

फिंच ने पहले विकेट के लिए वॉर्नर के साथ 156 रन की साझेदारी की। यह भारत के खिलाफ फिंच-वॉर्नर की चौथी 150+ साझेदारी थी। वे एक ही टीम से वनडे में 150+ रन बनाने वाली सबसे सफल जोड़ी बन गए। विराट कोहली और रोहित शर्मा (3 बनाम श्रीलंका) और रोहित शर्मा और शिखर धवन (3 बनाम ऑस्ट्रेलिया) के रिकॉर्ड को आज ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ने तोड़ दिया।

स्मिथ ने 66 गेंदों पर 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 105 रन बनाए। स्टीव स्मिथ ने 62 गेंदों में शतक पूरा किया। यह ऑस्ट्रेलिया की ओर से तीसरा सबसे तेज शतक था। मैक्सवेल ने इससे पहले 2015 में श्रीलंका के खिलाफ 51 गेंदों में शतक बनाया था, जबकि जेम्स फॉकनर ने 2013 में भारत के खिलाफ 57 गेंदों में शतक जड़ा था।

युजवेंद्र चहल ने 10 ओवर में 1 विकेट लिया और 89 रन लुटाए। इस भारतीय गेंदबाज का वनडे क्रिकेट में यह सबसे शर्मनाक प्रदर्शन है। उन्होंने इससे पहले 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ 88 रन बनाए थे। चहल के 43 वें ओवर में ग्लेन मैक्सवेल ने 21 रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 374 रन बनाए। यह भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।