टोक्यो ओलंपिक: भारत की उम्मीदों को झटका, अमित पंघाल की चुनौती खत्म, तीरंदाजी में अतनु दास हारे
By विनीत कुमार | Published: July 31, 2021 08:09 AM2021-07-31T08:09:44+5:302021-07-31T08:31:00+5:30
टोक्यो ओलंपिक के तीरंदाजी और बॉक्सिंग में आज भारत को निराशा हाथ लगी है। तीरंदाजी में अतनु दास की हार के साथ भारत का सफर भी टोक्यो ओलंपिक के इस स्पर्धा में बिना किसी मेडल के खत्म हो गया है।
Tokyo Olympics: टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए आज के दिन की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही है। बॉक्सिंग सहित तीरंदाजी में भारतीय खेल प्रेमियों को निराशा हाथ लगी है। अतनु दास को जहां व्यक्तिगत स्पर्धा के तीसरे दौर में जापान के ताकाहारू फुरूकामा से 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, मुक्केबाज अमित पंघाल (52 किलो) कोलंबिया के युबेरजेन मार्तिनेज से 1-4 से हारकर टोक्यो ओलंपिक से बाहर हो गए।
शीर्ष वरीयता प्राप्त पंघाल का यह पहला ओलंपिक था और उन्हें पहले दौर में बाय मिला था। एशियाई खेल 2018 में स्वर्ण पदक और विश्व चैम्पियनशिप 2019 में रजत पदक जीतने वाले पंघाल ने एशियाई खेलों में तीन बार पदक जीता है। वहीं मार्तिनेज 2016 रियो ओलंपिक में लाइटफ्लायवेट में रजत पदक विजेता थे। इससे पहले कल भारत की लवलीना बोरगोहेन (69 किलो) ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में पहुंचकर मुक्केबाजी में पदक पक्का कर लिया था।
तीरंदाजी में बिना मेडल भारत की चुनौती खत्म
ओलंपिक की तीरंदाजी स्पर्धा में भारत की चुनौती पदक के बिना ही समाप्त हो गई है। अतनु दास पुरूषों के व्यक्तिगत वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में जापान के ताकाहारू फुरूकावा से 4-6 से हार गए। दास पांचवें सेट में एक बार भी 10 स्कोर नहीं कर सके और आठ का स्कोर उन पर भारी पड़ा।
दुनिया की नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी के क्वॉर्टर फाइनल में हारने के बाद भारत की उम्मीदें दास पर ही टिकी थी। पिछले मैच में लंदन ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता ओ जिन हयेक को हराने के बाद दास लंदन ओलंपिक रजत पदक विजेता और यहां टीम वर्ग का कांस्य जीत चुके जापानी तीरंदाज को नहीं हरा सके।
(भाषा इनपुट)