CWG 2022: पिछले छह राष्ट्रमंडल खेलों में कुछ ऐसा रहा भारत का प्रदर्शन, देखें 1998 से 2018 तक के आंकडें
By रुस्तम राणा | Published: August 8, 2022 06:51 PM2022-08-08T18:51:11+5:302022-08-08T19:32:50+5:30
भारत का साल 2010 का राष्ट्रमंडल खेल (जिसका आयोजन नई दिल्ली में किया गया था) सबसे बढ़िया रहा। इसमें भारत ने कुल 101 पदक जीते थे।
नई दिल्ली: राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। इस बार भारत के खिलाड़ियों ने अब 60 मेडल जीत लिए हैं। जिसमें 22 स्वर्ण, 15 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करता हुआ आया है। अगर हम पिछले छह कॉमनवेल्थ गेम्स (1998 से लेकर 2018 तक) के रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो भारत का साल 2010 का राष्ट्रमंडल खेल (जिसका आयोजन भारत में किया गया था) सबसे बढ़िया रहा। इसमें भारत ने कुल 101 पदक जीते थे।
कॉमनवेल्थ गेम्स (1998 से लेकर 2018 तक) के रिकॉर्ड्स
राष्ट्रमंडल खेल 1998 कुआलालंपुर (25 मेडल)
1998 में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन मलेसिया के कुआलालंपुर में हुआ था। यह 20वीं सदी का आखिरी राष्ट्रमंडल खेल था, जो पहलीबार एशिया के किसी देश में हुआ था। इसमें पहलीबार हॉकी और क्रिकेट जैसे खेलों को शामिल किया गया। इस साल भारत ने कुल 25 मेडल हासिल किए। इसमें 7 गोल्ड, 10 सिल्वर और 8 ब्रॉंज शामिल है।
राष्ट्रमंडल खेल 2002 मेनचेस्टर (69 मेडल)
साल 2002 का राष्ट्रमंडल खेल मेनचेस्टर में आयोजित हुआ था। इसमें भारत का प्रदर्शन कुआलालंपुर की अपेक्षा बेहतर रहा। इसमें भारत ने कुल 69 पदक हासिल किए। इसमें 30 गोल्ड, 22 सिल्वर और 17 ब्रॉंज मेडल शामिल थे। शूटिंग में भारत ने 14 स्वर्ण जीते थे। जबकि 11 भारोत्तोलन में। इसके अलावा रेसलिंग में 3 हॉकी और बॉक्सिंग में 1-1 गोल्ड जीता।
राष्ट्रमंडल खेल 2006 मेलबर्न (50 मेडल)
साल 2006 में हुए कॉमवेल्थ गेम्स में भारत का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, हालांकि भारत ने इसमें 50 मेडल जीते। इस साल कॉमनवेल्थ गेम्स ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित हुए थे। इसमें 22 गोल्ड, 17 सिल्वर और 11 ब्रॉंज मेडल शामिल हैं। इसमें सबसे ज्यादा गोल्ड (16) शूटिंग में थे। वेटलिफ्टिंग में 3, टेबल टेनिस में 2 और 1 बॉक्सिंग में स्वर्ण जीता था।
राष्ट्रमंडल खेल 2010 नई दिल्ली (101 मेडल)
भारत का साल 2010 का राष्ट्रमंडल खेल सबसे बढ़िया रहा। इसका आयोजन भारत में नई दिल्ली में किया गया था। इसमें भारत ने कुल 101 पदक जीते थे। इसमें 38 स्वर्ण, 27 रजत और 36 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे पायदान पर रहा था। शूटिंग (14) और कुश्ती (10) में भारत ने दहाई के अंकों में स्वर्ण जीते।
राष्ट्रमंडल खेल 2014 ग्लासगो (64 मेडल)
ग्लासको के राष्ट्रमंडल खेल 2014 में भारत का प्रदर्शन फिर से गिरा। इसमें भारत ने कुल 64 मेडल जीते। इसमें 15 स्वर्ण, 30 रजत और 19 कांस्य पदक शामिल हैं। शूटिंग में इसबार 4 ही गोल्ड भारत ने जीते। जबकि रेसलिंग में 5, भारोत्तोलन में 3 और एथलीट, स्क्वैश, बैडमिंटन में एक-एक स्वर्ण अपने नाम किया।
राष्ट्रमंडल खेल 2018 गोल्ड कोस्ट (66)
राष्ट्रमंडल खेल 2018 जो कोल्ड कोस्ट में आयोजित हुआ था, इस आयोजन में भारत ने 66 मेडल अपने नाम किए। इसमें 26 स्वर्ण, 20 रजत और 20 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत ने शूटिंग में 7 रेसलिंग में 5, भारोत्तोलन में 5, बॉक्सिंग में 3, टेबल टेनिस में 3 और एक स्वर्ण एथलीट में जीता था।