भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा के खिलाफ सीबीआई ने शुरू की जांच, हॉकी के लिए मिले 35 लाख रुपये के दुरुपयोग का लगा है आरोप
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: April 6, 2022 05:52 PM2022-04-06T17:52:42+5:302022-04-06T18:01:05+5:30
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय ओलंपिक संघ के प्रमुख नरिंदर बत्रा और भारतीय हॉकी के कुछ अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीबीआई अधिकारी ने बताया कि शिकायत में एजेंसी को बताया गया है कि नरिंदर बत्रा ने हॉकी के लिए दिये गये 35 लाख रुपये का खर्च अपने लिए व्यक्तिगत संसाधनों को जुटाने में किया है।
दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को भारतीय ओलंपिक संघ के प्रमुख नरिंदर बत्रा और भारतीय हॉकी के कुछ अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इस मामले में सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ के प्रमुख और हॉकी संघ के कुछ अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और हेराफेरी की शिकायत एजेंसी को मिली थी, जिसके आधार पर नरिंदर बत्रा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
CBI registers preliminary enquiry against Narinder Batra, president of Indian Hockey Assn & unknown officials of Hockey India on a complaint. The complaint alleges that funds of around Rs 35 lakhs of Hockey India have been spent for the personal benefit of Batra: CBI sources pic.twitter.com/UJMjSIQhc5
— ANI (@ANI) April 6, 2022
सीबीआई अधिकारी ने बताया कि शिकायत में एजेंसी को बताया गया है कि नरिंदर बत्रा ने हॉकी के लिए दिये गये 35 लाख रुपये का खर्च अपने लिए व्यक्तिगत संसाधनों को जुटाने में किया है।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ के प्रमुख होने के साथ-साथ नरिंदर बत्रा इंटरनेशनल हॉकी संघ के भी प्रमुख हैं। उन्हें पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित सीबीआई के हेड ऑफिस में बुलाया गया है। एजेंसी ने इसके लिए नरिंदर बत्रा को बाकायदा सम्मन भी जारी किया है।
नरिंदर बत्रा साल 2014 से 2016 तक इंडियन हॉकी फेडरेशन के भी चीफ रहे हैं। नरिंदर बत्रा ने अभी कुछ दिनों पहले भी इंडियन हॉकी फेडरेशन को पत्र लिखकर टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
हॉकी इंडिया के मौजूदा अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निगोमबाम को लिखे पत्र में बत्रा ने फेडरेशन की जमकर आलोचना की थी और टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक जीतने के बाद भी आश्चर्यजनक ढंग से टीम के प्रदर्शन पर निराशा व्यक्त की थी।