एशियन गेम्स: कबड्डी में भारत की बादशाहत खत्म, ईरान ने पुरुष टीम के बाद महिला टीम का भी तोड़ा सपना
By विनीत कुमार | Published: August 24, 2018 02:23 PM2018-08-24T14:23:55+5:302018-08-24T14:27:11+5:30
भारतीय महिला टीम को फाइनल में ईरान ने हराया। मेंस कबड्डी में भी ईरान की टीम ने ही भारतीय टीम के लगातार 8 गोल्ड जीतने के सपने को तोड़ा था।
जकार्ता, 24 अगस्त: भारतीय पुरुष टीम के बाद भारतीय महिला टीम भी इंडोनेशिया में जारी 18वें एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल से चूक गई है। भारतीय महिला टीम को शुक्रवार को फाइनल में ईरान ने 27-24 से हराया। इस हार के साथ ही महिला टीम को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा है। मेंस कबड्डी में भी ईरान की टीम ने ही भारतीय टीम के लगातार 8 गोल्ड जीतने के सपने को तोड़ा था।
भारतीय महिला टीम ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी मैच जीतने के बाद सेमीफाइनल में चीनी ताइपे को हराया था। सेमीफाइनल में भारत ने चीनी ताइपे को 27-14 से मात दी था। इस एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपने पहले ग्रुप मैच में जापान को 43-12 से हराया था। इसके बाद थाईलैंड को 33-23 से मात दी थी। वहीं मंगलवार सुबह भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 38-12 के बड़े अंतर से हराया था। फिर उसी दिन शाम को भारतीय महिला टीम ने इंडोनेशिया को 54-22 से मात दी थी।
एशियन गेम्स में महिला कबड्डी को साल 2010 में शामिल किया गया था और अब तक दोनों ही मौकों 2010 और 2014 में भारतीय टीम ने गोल्ड जीता था। इससे पहले मेंस कबड्डी में गुरुवार को भारतीय टीम को सेमीफाइनल में ईरान की टीम ने 27-18 से हराया था। सात बार की गोल्ड मेडल विजेदा भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के लिए यह पहली बार था जब वह गोल्ड मेडल की रेस से बाहर हो गई और उसे ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा।