लियोनेल मेसी का असर! पीएसजी से अलग होते ही 10 लाख यूजर्स ने क्लब को सोशल मीडिया पर किया अनफॉलो
By विनीत कुमार | Published: June 5, 2023 10:49 AM2023-06-05T10:49:54+5:302023-06-05T11:01:56+5:30
क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) से अर्जेंटीना के स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेसी अलग हो गए हैं। इसका असर क्लब के सोशल मीडिया पर भी नजर आया है। 10 लाख से ज्यादा लोगों ने इस क्लब को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है।

लियोनेल मेसी का असर! पीएसजी से अलग होते ही 10 लाख यूजर्स ने क्लब को सोशल मीडिया पर किया अनफॉलो
पेरिस: फ्रांस के फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) से अर्जेंटीना के स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेसी के अलग होते ही टीम को सोशल मीडिया पर भी बड़ा झटका लगा है। एक रिपोर्ट के अनुसार मेसी के अलग होती है सोशल मीडिया पर 10 लाख यूजर्स ने क्लब को अनफॉलो कर दिया। घोषणा से पहले पीएसजी के 69.9 मिलियन (करीब 7 करोड़) फॉलोअर्स थे और अब यह संख्या 68.8 (68.8 लाख) मिलियन है। मेसी के पेरिस सेंट जर्मन में शामिल होने के बाद पीएसजी की सोशल मीडिया पर फॉलोइंग तेजी से बढ़ी थी।
मेसी ने दर्शकों की ‘हूटिंग’ के बीच पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) की तरफ से अपना आखिरी मैच शनिवार को खेला। फ्रांसीसी लीग का खिताब पहले ही अपने नाम पर सुनिश्चित कर चुके पीएसजी को अपने आखिरी मैच में क्लेरमोंट से 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। पीएसजी के समर्थकों ने मेसी के प्रति किसी तरह का सम्मान नहीं दिखाया तथा जब उद्घोषक ने जब इस स्टार खिलाड़ी के नाम की घोषणा की तो दर्शकों ने उनकी ‘हूटिंग’ की।
इसके कुछ मिनट बाद मेसी ने मुस्कुराते हुए अपने तीन बच्चों के साथ मैदान पर प्रवेश किया। उन्होंने बाद में पीएसजी की वेबसाइट से कहा, ‘मैं इन दो साल के लिए क्लब, पेरिस शहर और उसके लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। मैं आपको भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।’
मेसी के रहते हुए पीएसजी ने इन दो सत्रों में दो बार फ्रांसीसी लीग और फ्रांसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब जीते। मेसी ने इस बीच क्लब की तरफ से सभी प्रतियोगिताओं में 32 गोल किए और 35 गोल करने में मदद की। अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान ने पीएसजी के साथ अपने अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाया। उनके अब सऊदी अरब में खेलने की संभावना है।