भाजपा-शिवसेना गठबंधन पर कांग्रेस का तंज, पूछा- यह महामिलावट या महाभय?

By भाषा | Published: February 19, 2019 06:01 AM2019-02-19T06:01:31+5:302019-02-19T06:01:31+5:30

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना के बीच राजनीतिक गठबंधन को राजनीति से अलग बताया है।

Congress comment on BJP-Shivsena alliance, PM Modi said it is not political | भाजपा-शिवसेना गठबंधन पर कांग्रेस का तंज, पूछा- यह महामिलावट या महाभय?

फाइल फोटो

नई दिल्ली, 18 फरवरी: महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा एवं शिवसेना के बीच सीटों के तालमेल को लेकर सहमति बनने के बाद कांग्रेस ने सोमवार को कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि यह महामिलावट है या फिर महाभय। पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा, "पहले बिहार, फिर महाराष्ट्र और अब तमिलनाडु, एक के बाद एक भाजपा गठबंधन बनाने में लगी है।" उन्होंने कहा, 'सबसे बड़ा महासवाल-यह महामिलावट है या महाभय?" गौरतलब है कि शिवसेना और भाजपा के बीच बनी सहमति के मुताबिक भाजपा 25 और शिवसेना 23 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

गठबंधन राजनीति से परे : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि शिवसेना के साथ भाजपा का गठबंधन राजनीति से परे है और मजबूत भारत की इच्छा से प्रेरित है। गौरतलब है कि कुछ ही घंटे पहले भाजपा और शिवसेना ने लोकसभा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव साथ लड़ने की घोषणा की है। मोदी ने कहा कि साथ में चुनाव लड़ने का फैसला राजग को मजबूत बनाता है।

उन्होंने ट्वीट किया है, ‘‘मुझे विश्वास है कि हमारा गठबंधन महाराष्ट्र की पहली और एकमात्र पसंद होगी।’’ उन्होंने लिखा है, ‘‘अटल बिहारी वाजपेयी और बाल ठाकरे के विचारों से प्रेरित होकर, भाजपा-शिवसेना गठबंधन महाराष्ट्र के लोगों के कल्याण के लिए काम करना जारी रखेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि राज्य एकबार फिर ऐसे जनप्रतिनिधि चुने जो विकासोन्मुखी, भ्रष्टाचार मुक्त और भारतीय संस्कृति पर गर्व करने वाले हों।’’ 

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि शिवसेना के साथ भाजपा का गठबंधन राजनीति से परे है। उन्होंने लिखा, ‘‘यह मजबूत और विकसित भारत देखने की आकांक्षा से बंधे हुए हैं।’’ 

महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से भाजपा 25 पर और शिवसेना 23 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दोनों पार्टियां गठबंधन के अन्य सहयोगियों को उनके हिस्से की सीटें देने के बाद इस साल प्रस्तावित 288 सदस्यीय राज्य विधानसभा में बराबर बराबर सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगी।

Web Title: Congress comment on BJP-Shivsena alliance, PM Modi said it is not political