Asian Games: कबड्डी में सभी गोल्ड पर रहा है भारत का कब्जा, पुरुष और महिलाओं दोनों ने किया है कमाल
By सुमित राय | Published: August 8, 2018 02:44 PM2018-08-08T14:44:05+5:302018-08-08T14:44:05+5:30
एशियन गेम्स में जापान और चीन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा है। इस टूर्नामेंट में एक ऐसा खेल है, जिसमें केवल भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा है।
18वां एशियन गेम्स इंडोनेशिया के जकार्ता में 18 अगस्त से शुरू हो रहा है, जो 2 सितंबर तक चलेगा। हर चार साल के बाद आयोजित होनेवाले इन खेलों में जापान और चीन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा है। इस टूर्नामेंट में एक ऐसा खेल है, जिसमें केवल भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा है। एशियन गेम्स में कबड्डी में भारतीय खिलाड़ियों को अब तक कोई टक्कर नहीं दे पाया है। भारतीय टीम ने कबड्डी में नौ में से नौ गोल्ड मेडल पर कब्जा किया है।
एशियन गेम्स में कबड्डी को पहली बार साल 1990 में शामिल किया गया और तब से भारतीय पुरुष टीम ने गोल्ड पर कब्जा जमाया है। वहीं एशियन गेम्स में महिला कबड्डी को साल 2010 में शामिल किया गया था और इसमें भी भारतीय टीम ने कमाल किया। साल 2010 के बाद भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दो गोल्ड अपने नाम किए हैं।
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का प्रदर्शन
साल | मेडल |
1990 | गोल्ड मेडल |
1994 | गोल्ड मेडल |
1998 | गोल्ड मेडल |
2002 | गोल्ड मेडल |
2006 | गोल्ड मेडल |
2010 | गोल्ड मेडल |
2014 | गोल्ड मेडल |
भारतीय महिला कबड्डी टीम का प्रदर्शन
साल | मेडल |
2010 | गोल्ड मेडल |
2014 | गोल्ड मेडल |
एथलेटिक्स में जीते हैं सबसे ज्यादा मेडल
भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में सबसे ज्याता पदक एथलेटिक्स में जीते हैं। एथलेटिक्स में भारतीय टीम के नाम कुल 233 मेडल हैं। इन 233 पदकों में 72 गोल्ड, 77 सिल्वर और 84 ब्रॉन्ज हैं। इसके अलावा रेसलिंग में भारत ने अब तक 56 और बॉक्सिंग में 55 मेडल जीते हैं। शूटिंग में भारत के नाम एशियन गेम्स के इतिहास में 49 पदक हैं। रोइंग से 20, सेलिंग से 17, बैडमिंटन से 10 और वेटलिफ्टिंग से भी 14 मेडल भारत की झोली में आये हैं।
खेल जगत से जुड़ी हिंदी खबरों और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें। यूट्यूब चैनल यहां सब्सक्राइब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट।