Asian Games: लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची भारतीय महिला कबड्डी टीम, ईरान से होगा मुकाबला
By सुमित राय | Published: August 23, 2018 04:23 PM2018-08-23T16:23:39+5:302018-08-23T16:23:39+5:30
इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबांग में चल रहे 18वें एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बना ली है।
जकार्ता, 23 अगस्त। इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबांग में चल रहे 18वें एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में चीनी ताइपै को हराया। पिछली दो बार स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में चीनी ताइपै को 27-14 से मात दी। अब फाइनल में भारतीय महिला टीम का सामना ईरान की टीम से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में थाइलैंड को हराया था।
इससे पहले भारतीय महिला टीम ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपने पहले मैच में जापान को 43-12 से हराया था। इसके बाद थाईलैंड को 33-23 से मात दी थी। वहीं मंगलवार सुबह भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 38-12 के बड़े अंतर से हराया था। फिर उसी दिन शाम को भारतीय महिला टीम ने इंडोनेशिया को 54-22 से मात दी थी।
Women's Kabaddi | India through to Final; beat Chinese Taipei 27-14 in the semi-finals #AsianGames2018
— India@AsianGames2018 (@India_AllSports) August 23, 2018
एशियन गेम्स में महिला कबड्डी को साल 2010 में शामिल किया गया था और इसमें भी भारतीय टीम ने कमाल किया। साल 2010 के बाद भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दो गोल्ड अपने नाम किए हैं। यहीं नहीं कबड्डी मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम का भी दबदबा है। एशियन गेम्स में कबड्डी को पहली बार साल 1990 में शामिल किया गया और तब से भारतीय पुरुष टीम ने गोल्ड पर कब्जा जमाया है।