योगी सरकार के मंत्री ने BJP को चेताया, कहा- महंगाई के कारण जा चुकी हैं कई सरकारें
By भाषा | Published: September 10, 2018 04:10 PM2018-09-10T16:10:58+5:302018-09-10T17:36:36+5:30
Om Prakash Rajbhar warns BJP: प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री और सत्तारूढ़ भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष राजभर ने ट्वीट के जरिये मोदी सरकार को आगाह करते हुए कहा कि देश में जब भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े हैं, मंहगाई बढ़ी है।
बलिया, 10 सितम्बरः उत्तर प्रदेश की भाजपानीत सरकार में काबीना मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोमवार को पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार को आगाह किया है कि महंगाई के कारण देश में सरकारें जाने का इतिहास रहा है।
प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री और सत्तारूढ़ भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष राजभर ने ट्वीट के जरिये मोदी सरकार को आगाह करते हुए कहा कि देश में जब भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े हैं, मंहगाई बढ़ी है। मंहगाई की मार आम लोगों के साथ ही सरकार को भी झेलनी पड़ी है। महंगाई के कारण देश में कई सरकारें जाने का इतिहास रहा है।
उन्होंने अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (एससी/एसटी एक्ट) में संशोधन के उच्चतम न्यायालय के फैसले को पलटने को लेकर भी मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि वह न्यायालय के फैसले के साथ हैं। वह इस मसले पर ना तो दलित कार्ड खेल रहे हैं और ना ही सवर्ण कार्ड। वह ‘सही कार्ड’ खेल रहे हैं।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एससी/एसटी एक्ट पर उच्चतम न्यायालय के फैसले को सही करार देते हुए केंद्र सरकार से कहा कि इस कठोर कानून से लोगों को बचाने के लिए वह इस मुद्दे पर फिर से विचार करे। उन्होंने कहा कि वह न्यायालय के निर्णय का पूरा समर्थन करते हैं, क्योंकि यह एक बड़े वर्ग के लोगों के लिए किया गया सही निर्णय है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ने रविवार को मीडिया से बातचीत में दावा किया कि अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम का दुरुपयोग किया जा रहा है और केंद्र सरकार को इस कठोर कानून से लोगों को बचाने के लिए इस मुद्दे पर फिर से विचार करना चाहिए।