जिंदा हैं जिओना चाना! दुनिया के सबसे बड़े परिवार के मुखिया की मौत पर सवाल, परिवार का दावा- सांसें चल रहीं, शरीर भी गर्म
By अभिषेक पारीक | Published: June 15, 2021 02:12 PM2021-06-15T14:12:43+5:302021-06-15T14:30:17+5:30
दुनिया के सबसे बड़े परिवार के मुखिया जिओना चाना की मौत को लेकर उनके परिवार के सदस्यों का दावा है कि चाना अब भी जिंदा हैं और उनकी सांसें चल रही हैं।
दुनिया के सबसे बड़े परिवार के मुखिया जिओना चाना की मौत को लेकर उनके परिवार के सदस्यों का दावा है कि चाना अब भी जिंदा हैं और उनकी सांसें चल रही हैं। हालांकि दो दिन पहले डॉक्टर्स ने चाना के निधन की पुष्टि की थी। साथ ही मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये उनके निधन की जानकारी दी थी। जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार रोक दिया गया है।
दुनिया के सबसे बड़े परिवार के मुखिया चाना पावल संप्रदाय के भी मुखिया हैं। जिसमें 433 परिवार और करीब ढाई हजार लोग शामिल हैं। संप्रदाय से जुड़े लोगों का कहना है कि जब तक चाना की मौत की पुष्टि नहीं हो जाती है, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
टीओआई ने स्थानीय चर्च के सचिव जैतिनखुमा के हवाले से बताया है कि ऑक्सीमीटर से उनकी नब्ज महसूस होती है, उनका शरीर अभी भी गर्म है और सोमवार दोपहर तक मांसपेशियों में कोई जकड़न नहीं थी। उन्होंने कहा कि जब तक शरीर गर्म रहता है और नब्ज धड़क रही है, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
दुनिया के सबसे बड़े परिवार के मुखिया
आइजोल के ट्रिनिटी अस्पताल के डॉक्टर्स ने 13 जून को चाना के निधन की पुष्टि की थी। वे 76 साल के थे। चाना 38 पत्नियों और 89 बच्चों वाले दुनिया के सबसे बड़े परिवार के मुखिया थे। वहीं मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने एक ट्वीट के जरिये उनके निधन की जानकारी दी थी।
17 साल की उम्र में की थी पहली शादी
चाना का जन्म 21 जुलाई 1945 को हुआ था। पहली बार उन्होंने 17 साल की उम्र में शादी की थी। चाना पावल समुदाय को उनके पिता ने स्थापित किया था और इसमें कई शादियों की परंपरा है। उनके परिवार का नाम सबसे बड़े परिवार के रूप में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड में भी दर्ज है।
परिवार में करीब 200 लोग
जानकारी के मुताबिक, जिओना चाना का परिवार कई सालों से एक ही छत के नीचे करीब सौ कमरों के घर में रहता है। परिवार के ज्यादातर लोग किसी न किसी व्यापार से जुड़े हैं। साथ ही परिवार में करीब 200 लोग हैं। जिनमें 33 पोते-पोतियां और बड़ी संख्या में पड़पोते और पोतियां हैं। चाना पिछले कुछ दिन से बीमार थे। उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही और 11 जून के बाद से वे होश में नहीं थे। उन्हें डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत थी।