महिला विधायक व उनके पति पाए गए कोरोना वायरस से संक्रमित, महाराष्ट्र में कोविड-19 की चपेट में आ चुके हैं 4 विधायक
By भाषा | Published: July 3, 2020 03:45 AM2020-07-03T03:45:07+5:302020-07-03T03:45:07+5:30
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है और इस महामारी ने ठाणे जिले में एक महिला विधायक को अपनी चपेट में लिया है।
ठाणे। महाराष्ट्र में ठाणे जिले में एक महिला विधायक कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं। वह संक्रमित होने वाली क्षेत्र की चौथी विधायक हैं। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि विधायक बुधवार को संक्रमित पायी गई थीं।
अधिकारी ने बताया कि उनके पति बृहस्पतिवार को संक्रमित पाए गए। दोनों को घर पर पृथकवास में भेज दिया गया है। वह कोविड-19 से संक्रमित होने वाली ठाणे जिले की चौथी विधायक हैं। इससे पहले दो विधायक और एक एमएलसी संक्रमित पाए गए थे।
नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि एक हिंदी कवयित्री की बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस से मौत हो गई। वह करीब 60 साल की थीं। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि ठाणे जिले में कोरोना वायरस के 1921 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके बाद कुल मामले बृहस्पतिवार को बढ़कर 3,567 हो गए। उन्होंने बताया कि 36 और मरीजों की मौत हुई है जिससे जिले में मृतक संख्या बढ़कर 1,130 हो गई।
महाराष्ट्र से सामने आए हैं कोविड-19 के सबसे ज्याद मामले
देशभर में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आए हैं और राज्य में अब तक 1.86 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया, "गुरुवार को राज्य में 6330 नए मामले सामने आए, जबकि 8018 लोग ठीक हुए औऔर 125 लोगों ने अपनी जान गंवाई। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 186626 हो गई है, जिसमें 101172 डिस्चार्ज और 8178 मौतें शामिल हैं।"