तेंदुए के हमले से महिला की मौत

By भाषा | Published: September 15, 2021 04:36 PM2021-09-15T16:36:43+5:302021-09-15T16:36:43+5:30

Woman dies due to leopard attack | तेंदुए के हमले से महिला की मौत

तेंदुए के हमले से महिला की मौत

सिवनी (मप्र), 15 सितंबर मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के केवलारी वन परिक्षेत्र में बुधवार सुबह जलाने के लिए लकड़ी बीनने गई 50 वर्षीय एक महिला की तेंदुए के हमले में मौत हो गई है। यह जानकारी वन विभाग के एक अधिकारी ने दी।

सिवनी वन विकास निगम के मंडल प्रबंधक वी सी मेश्राम ने बुधवार को यहां पीटीआई भाषा को बताया कि मोहगांव निवासी बैगा जाति की आदिवासी महिला रंजीता (50) अन्य दो महिलाओं व एक पुरूष के साथ सुबह के समय गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित मोहगांव बीट के जंगल में जलाने के लिए लकड़ी बीनने गई थी। उन्होंने बताया कि इसी दौरान झाड़ियों के बीच मौजूद तेंदुए ने एकाएक महिला पर हमला कर दिया।

उन्होंने कहा कि तेंदुए के हमले से महिला का पूरा चेहरा लहूलुहान हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि तेंदुए के हमले से घबराकर उक्त महिला के साथ गई अन्य दो महिलाएं व एक पुरूष मौके से भाग निकले।

मेश्राम ने बताया कि बाद में ग्रामीणों की सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंचा। उन्होंने बताया कि वन अमले के मौके पर पहुंचने से पहले ही तेंदुआ घने जंगल में लौट गया था। उन्होंने बताया कि वन अमले द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने व अकेले जंगल नहीं जाने को लेकर समझाने के साथ क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी गई है।

उन्होंने बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक महिला के परिजनों को तत्काल सहायता के तौर 10 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है जबकि वन्य प्राणी के हमले से क्षति पर 3.90 लाख रुपये की सहायता राशि पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Woman dies due to leopard attack

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे