तेजस्वी यादव क्या अपनी अपनी पत्नी राजश्री यादव को बना देंगे बिहार का उपमुख्यमंत्री? अटकलों का बाजार है गर्म, ये है वजह
By एस पी सिन्हा | Published: March 19, 2023 02:33 PM2023-03-19T14:33:54+5:302023-03-19T15:00:16+5:30
तेजस्वी यादव के खिलाफ सीबीआई की सक्रियता के बाद बिहार की सियासत में ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि उनकी पत्नी राजश्री यादव को कुर्सी दी जा सकती है।

तेजस्वी यादव अपनी पत्नी को बनाएंगे डिप्टी सीएम? (फाइल फोटो)
पटना: बिहार में क्या एक बार फिर लालू यादव वाली पद्धति दोहराई जायेगी? क्या उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपने पिता लालू यादव के पदचिन्हों पर चलते हुए अपनी पत्नी को बिहार की सत्ता की बागडोर सौंपने का मन बना रहे हैं? सूबे के सियासी गलियारे में इसको लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। चर्चा है कि खुद को रेलवे घोटाला मामले में जेल जाने की संभावना को देखते हुए तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री यादव को बिहार का उपमुख्यमंत्री पद पर बिठाने का मन बना चुके हैं।
बता दें कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी चारा घोटाले में जेल जाने के दौरान मुख्यमंत्री के पद पर बिठा दिया था। ऐसे में अटकलें हैं कि तेजस्वी यादव भी अपनी पत्नी राजश्री यादव को सत्ता की चाबी सौंपना चाहते हैं ताकि सत्ता पर उनकी पकड़ बनी रहे।
सत्ता के गलियारों में चर्चा यहां तक है कि तेजस्वी यादव को संकट में घिरते देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मन ही मन खुश भी हैं। इसका कारण यह है कि सत्ता हस्तांतरण का दबाव राजद की ओर से अभी नही बनाया जा रहा है। जबकि इसके पहले राजद नेताओं के द्वारा आए दिन तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का दबाव बनाया जा रहा था। इसको लेकर बयानबाजी तेज हो गई थी।
हालांकि ईडी और सीबीआई के द्वारा शुरू की गई कार्रवाई के बाद से बिहार में सियासी तूफान थम गया है और राजद नेताओं ने भी चुप्पी साध ली है। ऐसे में उपमुख्यमंत्री पद को बचाते हुए बिहार की सत्ता में काबिज रहने के लिए तेजस्वी यादव संभवत: अपनी पत्नी को जिम्मेदारी सौंपने का मन बना चुके हैं। इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सहर्ष स्वीकार कर लेंगे और सत्ता की चाबी भी इधर-उधर नही होगी।
जानकारों का भी मानना है कि तेजस्वी यादव इस महीने के बाद कभी भी संकटों में घिर सकते हैं। 25 मार्च को सीबीआई उनसे पूछताछ करेगी। इसके बाद कार्रवाई में तेजी लाई जा सकती है। दिल्ली हाईकोर्ट ने भी मार्च महीने तक की मोहलत दी है। इसके बाद सीबीआई कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।