यूपी के संभल से आया झकझोर देने वाला वीडियो, अस्पताल में स्ट्रेचर पर रखे लड़की के शव को नोचता दिखा कुत्ता
By विनीत कुमार | Published: November 27, 2020 10:46 AM2020-11-27T10:46:48+5:302020-11-27T10:58:15+5:30
समाजवादी पार्टी की ओर से इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया गया है। वहीं, संभल पुलिस ने कहा है कि इस घटना को लेकर कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के संभल से एक दिल झकझोर देने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को समाजवादी पार्टी के ट्विटर हैंडल से भी शेयर किया गया और ये तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है।
समाजवादी पार्टी की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो को लेकर कहा गया है कि ये संभल के सरकारी अस्पताल का वीडियो है, जिसमें स्ट्रेचर पर रखे लड़की के एक शव को कुत्ता नोच-नोच कर खा रहा है। ये वीडियो 20 सेकेंड का है। इसमें चादर से ढका शव है, जिसे कुत्ता नोच रहा है।
संभल में स्वास्थ्य सेवाओं की रोंगटे खड़े कर देने वाली खौफनाक तस्वीर आई सामने।जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही की वजह से स्ट्रेचर पर रखे बच्ची के शव को कुत्तों ने नोच कर खाया। जांच करा लापवाही बरतने वालों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई। शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना! pic.twitter.com/3tgEHCTQpb
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 26, 2020
एबीपी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार शव एक लड़की का है जिसे सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में लाया गया था। हालांकि उसकी मौत हो गई। ये साफ नहीं हो सका है कि लड़की की मौत इलाज के दौरान हुई या पहले ही उसकी मौत हो गई थी।
इस बीच लड़की के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। लड़की के पिता चरण सिंह ने बताया है कि घायल लड़की को अस्पताल में लाए जाने के डेढ़ घंटे बाद तक किसी ने इलाज शुरू नहीं किया था।
संभल पुलिस ने मामले की जांच का दिया भरोसा
समाजवादी पार्टी की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो पर संभल पुलिस ने भी जवाब दिया है। ट्वीट पर संभाव पुलिस की ओर से कहा गया है कि इस घटना को लेकर क्षेत्राधिकारी संभल/थाना प्रभारी संभल को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दे दिया गया है।
उक्त प्रकरण के संबंध में क्षेत्राधिकारी संभल / थाना प्रभारी संभल को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।
— SAMBHAL POLICE (@sambhalpolice) November 26, 2020
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि ये घटना जिला अस्पताल में उस समय हुई जब शव को इमरजेंसी वॉर्ड के पास सीढ़ियों के नीचे रखा गया था। इससे पहले एक नवंबर को भी इस अस्पताल से ऐसी ही घटना सामने आई थी। पोस्टमार्टम हॉउस में रखे एक बच्ची के शव की नाक को आवारा कुत्ते नोंच ले गए थे।