एनकाउंटर के दौरान मुंह से ठांय-ठांय करने वाले दरोगा को यूपी पुलिस करेगी सम्मानित, सोशल मीडिया पर उड़ रहा है मजाक
By भारती द्विवेदी | Published: October 17, 2018 11:35 AM2018-10-17T11:35:29+5:302018-10-17T11:35:29+5:30
इस पूरे प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया में यूपी पुलिस को काफी ट्रोल किया जा रहा है। लेकिन यूपी पुलिस इस मामले को सकारात्मक तरीके से ले रही है।
नई दिल्ली, 17 अक्टूबर: हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस के एनकाउंटर का एक वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में अपराधियों को डराने के लिए दरोगा मनोज कुमार मुंह से 'ठांय-ठांय' की आवाज निकाल रहे हैं। खबर के मुताबिक, उत्तर प्रदेश पुलिस मुंह से गोली की आवाज निकालने वाले दरोगा को इनाम देने जा रही है। दरोगा को सम्मानित करने के लिए संभल एसपी यमुना प्रसाद ने डीजीपी ओम प्रकाश सिंह को पत्र लिखा है।
इस पूरे प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया से लेकर हर जगह यूपी पुलिस को काफी ट्रोल किया जा रहा है। लेकिन यूपी पुलिस इस मामले को सकारात्मक तरीके से ले रही है। उनका कहना है कि दरोगा मनोज ने जो किया वो बहादुरी का काम था। इसलिए उनका नाम बहादुरी पुरस्कार के लिए भेजा जा रहा है।
गौरतलब है कि 12 अक्टूबर की देर रात उत्तर प्रदेश पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस मुठभेड़ के दौरान पच्चीस हजार के इनामी बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर पुलिसकर्मी की पिस्टल से फायर नहीं हुआ। जिसके बाद दारोगा मनोज मुंह से 'ठांय-ठांय' कर गोली की आवाज निकालने लगे। दारोगा ने ठांय-ठांय की आवाज निकालकर बदमाशों को डराने की कोशिश की, जिसके बाद यह वीडियो वायरल हो गया। हालांकि पुलिस ने दो बदमाशों में से एक को गिरफ्तार भी किया था।