उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावः कांग्रेस 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी, प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान
By सतीश कुमार सिंह | Published: October 19, 2021 02:31 PM2021-10-19T14:31:31+5:302021-10-19T17:17:43+5:30
कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि हम चाहते हैं कि महिलायें राजनीति में पूरी तरह से सत्ता में भागीदार बनें।
लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बड़ा ऐलान कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी।
प्रियंका गांधी ने कहा कि हम चाहते हैं कि महिलायें राजनीति में पूरी तरह से सत्ता में भागीदार बनें। प्रियंका आज लखनऊ में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए हैं। उन्हें 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को पुनर्जीवित करने का काम सौंपा गया है।
The Congress party has decided that it will give 40% of the total election tickets to women in the state: Congress leader Priyanka Gandhi Vadra on 2022 Uttar Pradesh Assembly elections pic.twitter.com/WGPTSLbDcx
— ANI UP (@ANINewsUP) October 19, 2021
प्रियंका पिछले कुछ महीनों से लगातार राज्य का दौरा कर रही हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रही हैं। अब वह चुनाव होने तक स्थायी रूप से लखनऊ में रहने को तैयार हैं। प्रियंका कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संदेश देना चाहती हैं कि पार्टी नेतृत्व अपनी पुनरुद्धार योजनाओं के बारे में गंभीर है। प्रियंका ने पार्टी कार्यकर्ताओं से ब्लॉक स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, कमेटियां बनाने और जनता तक पहुंचने को कहा है।
उत्तर प्रदेश में आजकल कोई सुरक्षित नहीं है: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में अदालत परिसर के भीतर एक वकील की कथित तौर पर हत्या किए जाने की घटना को लेकर सोमवार को राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि आजकल उत्तर प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है।
LIVE: Smt. @priyankagandhi addresses the media in Lucknow.#लड़की_हूँ_लड़_सकती_हूँ#40KiShaktihttps://t.co/T9mJAJiVUc
— Congress (@INCIndia) October 19, 2021
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘विधि और न्यायिक बिरादरी हमारे लोकतंत्र का अभिन्न स्तंभ है। शाहजहांपुर में अदालत परिसर के भीतर एक वकील की दिनदहाड़े निर्मम हत्या किया जाना इस बात का एक और उदाहरण है कि उत्तर प्रदेश में आज कोई सुरखित नहीं है, चाहे वो महिलाएं हों, किसान हों और या फिर वकील ही क्यों न हों।’’
गौरतलब है कि शाहजहांपुर जिला अदालत की तीसरी मंजिल पर सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधिवक्ता की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद जिले के अधिवक्ता अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर बैठ गए हैं। पुलिस का कहना है कि सोमवार को जिला अदालत में तीसरी मंजिल स्थित एक कार्यालय में जलालाबाद निवासी अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह (38) एक क्लर्क के पास अपने मुकदमे के संबंध में बात करने गये थे। इसी बीच, गोली चलने की आवाज हुई और अधिवक्ता गिर पड़े। गोली उनके सिर में लगी थी।