UP Nikay Chunav : 11 बजे तक 19 प्रतिशत हुआ मतदान, प्रयागराज में 100 वार्डों के लिए 8.95 % हुई वोटिंग

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: May 4, 2023 01:25 PM2023-05-04T13:25:33+5:302023-05-04T13:38:46+5:30

पहले चरण में नगर निगमों के 10 महापौर और 820 पार्षदों, 103 नगर पालिका परिषद अध्यक्षों, 2,740 नगर पालिका परिषद सभासदों, 275 नगर पंचायत अध्यक्षों और 3,645 नगर पंचायत सदस्यों समेत कुल 7,593 पदों के लिए 44 हजार से अधिक उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

UP Nikay Chunav 19 percent polling till 11 am 8.95 percent voting for 100 wards in Prayagraj | UP Nikay Chunav : 11 बजे तक 19 प्रतिशत हुआ मतदान, प्रयागराज में 100 वार्डों के लिए 8.95 % हुई वोटिंग

लखनऊ-गोमती नगर के बूथ पर राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने पत्नी के साथ मतदान किया। तस्वीर- सोशल मीडिया

Highlightsमतदान को भयमुक्त माहौल में कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।नगर निगमों के 10 पार्षदों समेत कुल 85 प्रतिनिधि पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

 लखनऊः उत्तर प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में प्रदेश के नौ मंडलों के 37 जिलों में पूर्वाह्न 11 बजे तक औसतन करीब 19 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शाम छह बजे तक होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि पहले चरण के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे तक औसतन करीब 19 प्रतिशत मतदान हो चुका है। वहीं प्रयागराज नगर निगम में 100 वार्डों के लिए बृहस्पतिवार को हो रहे मतदान के दौरान सुबह 11 बजे तक 8.95 प्रतिशत मतदान तथा नगर पंचायत के लिए 17.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि श्रावस्‍ती में 28.13 फीसद मतदान हुआ है, वहीं शामली में 27.5 प्रतिशत वोट पड़े हैं। लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार के मुताबिक राजधानी में पूर्वाह्न 11 बजे तक 18.72 प्रतिशत मतदान हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में जबकि बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ में वोट डाला।

पहले चरण में सहारनपुर, मुरादाबाद, आगरा, झांसी, प्रयागराज, लखनऊ, देवीपाटन, गोरखपुर और वाराणसी मंडल के 37 जिलों में वोट डाले जा रहे हैं। इन जिलों में 2.40 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। पहले चरण में नगर निगमों के 10 महापौर और 820 पार्षदों, 103 नगर पालिका परिषद अध्यक्षों, 2,740 नगर पालिका परिषद सभासदों, 275 नगर पंचायत अध्यक्षों और 3,645 नगर पंचायत सदस्यों समेत कुल 7,593 पदों के लिए 44 हजार से अधिक उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

नगर निगमों के 10 पार्षदों समेत कुल 85 प्रतिनिधि पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे नगर निकाय चुनावों को शहरी मतदाताओं के बीच राजनीतिक दलों के असर के आकलन की कसौटी माना जा रहा है। राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त मनोज कुमार ने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अव्यवस्था फैलाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखकर उनके विरूद्ध समय से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार मतदान को भयमुक्त माहौल में कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए 19,880 निरीक्षक-उपनिरीक्षक, 101477 मुख्य आरक्षी-आरक्षी, 47985 होमगार्ड, पीएसी की 86 कंपनियां, सीएपीएफ की 35 कंपनियां और 7,500 प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक तैनात किए गए हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक प्रदेश में दो चरणों में चार मई और 11 मई को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा और 13 मई को मतगणना होगी। नगर निगमों के महापौर और पार्षद पद के लिए मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से होगा, जबकि बाकी पदों के लिए मतदान मतपत्र से होगा।

Web Title: UP Nikay Chunav 19 percent polling till 11 am 8.95 percent voting for 100 wards in Prayagraj

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे