UP Election 2022: कैराना में प्रचार कर रहे हैं गृह मंत्री अमित शाह, घर-घर जाकर बांटे पर्चे, लगे "जय श्री राम’’ और ‘‘भारत माता की जय’’ के नारों
By सतीश कुमार सिंह | Published: January 22, 2022 04:06 PM2022-01-22T16:06:50+5:302022-01-22T18:22:36+5:30
UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति में अहम भमिका निभा रहे शाह बाद में मेरठ भी जाएंगे।
UP Election 2022: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद पहली बार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को राज्य का दौरा किया। वह कैराना में घर-घर जाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के लिए प्रचार किए। भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे।
आपको बता दें कि अमित शाह भाजपा के वेस्ट उत्तर प्रदेश के प्रभारी हैं। भाजपा के कार्यकर्ता ने रिमझिम बारिश में स्वागत किया। जमकर नारे लगाए। शाह अपने इस दौरे पर शामली और बागपत में पार्टी कार्यकर्ताओं व क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की।
Union Home Minister Amit Shah holds door-to-door campaigning in Kairana ahead of upcoming #UttarPradeshElections2022pic.twitter.com/PUeKh2XNDX
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) January 22, 2022
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को 'घर-घर संपर्क' अभियान के तहत शामली जिले के कैराना शहर की गलियों में गये। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के पूर्व अध्यक्ष और गृह मंत्री शाह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अपने हाथों से पर्चे और पार्टी की प्रचार सामग्री लोगों के बीच बांटी।
उन्होंने उन परिवारों से संपर्क किया जिनके सदस्यों को कथित तौर पर पिछली समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान पलायन करने के लिए मजबूर किया गया था। भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में इस मामले को प्रमुखता से उठाया था और इसे मुद्दा बनाया था।
बाद में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री और पार्टी ने दावा किया कि सपा शासन में कथित पलायन करने वाले लोग वापस लौटे हैं। शाह ने "जय श्री राम’’ और ‘‘भारत माता की जय’’ के नारों के बीच भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कैराना में पर्चे बांटे। इस दौरान क्षेत्र के निवासियों ने फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा की और 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए।
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के कैराना से तत्कालीन सांसद दिवंगत हुकुम सिंह ने यहां से हिन्दुओं के पलायन का मुद्दा उठाया था। कैराना अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र है। उत्तर प्रदेश में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। इसकी शुरुआत 10 फरवरी को होगी।
भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 194 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने पहली सूची में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित 107 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। इसके बाद पार्टी ने बरेली जिले की दो और सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी।
गौरतलब है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को अकेले 312 और उसके सहयोगियों को 13 सीटों पर जीत मिली थी। उत्तर प्रदेश में चुनाव की शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा। उत्तर प्रदेश में 20 फरवरी को तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों पर, तीन मार्च को छठे चरण में 57 सीटों पर और सात मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा।