यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को मिली जमानत, लॉकडाउन में विरोध प्रदर्शन को लेकर हुए थे गिरफ्तार
By सुमित राय | Published: June 16, 2020 05:48 PM2020-06-16T17:48:45+5:302020-06-16T17:57:02+5:30
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से जमानत मिल गई है, जिन्हें 25 दिन पहले आगरा से गिरफ्तार किया गया था।
उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से जमानत मिल गई है। उन्हें प्रवासी मजदूरों के लिए कांग्रेस द्वारा बसों की आवाजाही के मुद्दे पर पार्टी नेताओं के विरोध के सिलसिले में पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।
अजय कुमार लल्लू, पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ आगरा में उत्तर प्रदेश-राजस्थान बॉर्डर पर ऊंचा नगला इलाके में विरोध प्रदर्शन करते हुए बीच सड़क धरने पर बैठ गए थे। लल्लू राजस्थान से प्रवासी श्रमिकों को लाने के लिए कांग्रेस द्वारा चलाई बसों को यूपी में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने का विरोध कर रहे थे। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें गाड़ियों में भरकर ले गई थी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, अजय कुमार लल्लू को जमानत मिल गई है। उन्हें प्रवासी मजदूरों के लिए कांग्रेस द्वारा बसों की आवाजाही के मुद्दे पर पार्टी नेताओं के विरोध के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। (फाइल तस्वीर) pic.twitter.com/iibcIENi9j
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 16, 2020
बस पॉलिटिक्स को लेकर दे रहे थे धरना
बता दें कि लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने एक हजार बसों की सूची यूपी सरकार को दी थी, सरकार ने बस की सूची में गड़बड़ी बताकर इन्हें लेने से मना कर दिया था। इसके बाद प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह पर लखनऊ के हजरतगंज थाने में केस दर्ज किया गया था।
बस पॉलिटिक्स के बीच यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू बीते आगरा में अवैध तरीके से धरना प्रदर्शन कर रहे थे और समर्थकों के साथ बीच सड़क पर बैठ गए थे। इसके बाद उन्हें महामारी एक्ट के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
उत्तर प्रदेश में कोरोना की चपेट में 13 हजार से ज्यादा लोग
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में अब तक 13615 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें से 399 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक 8268 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 के 4948 एक्टिव केस मौजूद हैं।