UP Chunav 2022: एसके शर्मा ने बीजेपी से दिया इस्तीफा, बीएसपी ने मथुरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: January 20, 2022 07:16 PM2022-01-20T19:16:17+5:302022-01-20T19:18:02+5:30
UP Chunav 2022: भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर उत्तर प्रदेश राज्य रसायन एवं खाद निगम अध्यक्ष पद तथा भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देकर शर्मा बुधवार को बसपा में शामिल हुए।
UP Chunav 2022: जनपद की मांट विधानसभा सीट से 2017 में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रह चुके एसके शर्मा को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने मथुरा विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।
गौरतलब है कि भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर उत्तर प्रदेश राज्य रसायन एवं खाद निगम अध्यक्ष पद तथा भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देकर शर्मा बुधवार को बसपा में शामिल हुए। बसपा ने आज ही पार्टी में शर्मा का स्वागत करते हुए उन्हें मथुरा विधानसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।
बसपा में शामिल होने के बाद शर्मा ने सीट से वर्तमान विधायक, भाजपा उम्मीदवार एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा को हराने का ऐलान किया है। शर्मा ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि बीते 5 साल में भाजपा प्रत्याशी के व्यवहार एवं काम से जनता उनको ठीक तरह से पहचान चुकी है। कांग्रेस और सपा-रालोद गठबंधन का मथुरा में कोई वजूद नहीं है। भाजपा के खिलाफ उनका जीतना तय है।
सपा ने आगरा की फतेहाबाद सीट से अपना प्रत्याशी बदला
समाजवादी पार्टी ने आगरा की फतेहाबाद विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बदल कर यहां से एक महिला उम्मीदवार को टिकट दिया है। समाजवादी पार्टी ने इस सीट से पहले राजेश शर्मा को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की थी, लेकिन बुधवार को उसने शर्मा के स्थान पर रूपाली दीक्षित को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
इस बदलाव के बाद आगरा की नौ विधानसभा सीटों पर सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी हैं... आगरा उत्तर से ज्ञानेंद्र गौतम (सपा), फतेहाबाद से रूपाली दीक्षित (सपा), एत्मादपुर से वीरेंद्र चौहान (सपा), खेरागढ़ विधानसभा से रौतान सिंह (रालोद), फतेहपुर सीकरी विधानसभा से ब्रजेश चाहर (रालोद), आगरा ग्रामीण विधानसभा से महेश जाटव (रालोद), बाह विधानसभा सीट से मधुसूदन शर्मा (सपा), छावनी विधानसभा सीट से कुंवर चंद वकील (सपा) और आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से रिजवान प्रिंस (सपा)।