उप्र उपचुनावः मायावती को झटका, खाता भी नहीं खुला, साइकिल से पीछे हाथी
By सतीश कुमार सिंह | Published: October 24, 2019 07:12 PM2019-10-24T19:12:48+5:302019-10-24T20:11:15+5:30
लोकसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी और बसपा उपचुनाव में अलग-अलग उतरे थे। बहुजन समाज पार्टी के लिए झटका है। बहन मायावती के लिए सोचने का समय है। उत्तर प्रदेश की जलालपुर विधानसभा सीट सपा ने बसपा से छीन ली है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा की 11 सीटों के लिए संपन्न उपचुनाव के नतीजे आ गए। 11 सीट में से भाजपा को 7, भाजपा नीत गठबंधन अपना दल (एस) को 1 और सपा को 3 सीट मिली है।
लोकसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी और बसपा उपचुनाव में अलग-अलग उतरे थे। बहुजन समाज पार्टी के लिए झटका है। बहन मायावती के लिए सोचने का समय है। उत्तर प्रदेश की जलालपुर विधानसभा सीट सपा ने बसपा से छीन ली है।
निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित परिणाम के मुताबिक सपा प्रत्याशी सुभाष राय ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा की छाया वर्मा को 790 मतों के नजदीकी अंतर से पराजित करके बसपा से यह सीट छीन ली। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में यह सीट बसपा ने जीती थी। सुभाष को 72 हजार 611 तथा छाया को 71 हजार 821 मत हासिल हुए।
भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंह 63 हजार 405 वोट प्राप्त करके तीसरे स्थान पर रहे। प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों गंगोह, रामपुर, इगलास, लखनऊ, कैंट, गोविंद नगर, मानिकपुर, प्रतापगढ़, जैदपुर, जलालपुर, बलहा और घोसी के लिए गत सोमवार को मतदान हुआ था।
इस दौरान औसतन 45.5 फीसद वोट पड़े थे। इन 11 में से 10 सीटें, इन पर चुने गए विधायकों के सांसद बन जाने के कारण रिक्त हुई थीं। वहीं, घोसी सीट, इस पर चुने गए विधायक फागू सिंह चौहान के बिहार का राज्यपाल बनाए जाने के बाद उनके इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी। इन सीटों में से आठ भाजपा के पास थीं जबकि एक-एक सीट सपा, बसपा और अपना दल ने जीती थी।