उन्नाव रेप केस: अदालत ने पीड़िता की मां का बयान दर्ज किया
By भाषा | Published: October 4, 2019 07:25 AM2019-10-04T07:25:02+5:302019-10-04T07:25:02+5:30
मामले से जुड़े वकील ने कहा कि जिला न्यायाधीश धर्मेश शर्मा के सामने दुष्कर्म पीड़िता की मां और बहन ने बंद कमरे में अपना बयान दर्ज करवाया और शुक्रवार को भी आगे की कार्यवाही जारी रहेगी।
दिल्ली की अदालत ने गुरुवार को उन्नाव दुष्कर्म कांड की पीड़िता के पिता की न्यायिक हिरासत में हुई कथित हत्या के मामले में उसकी मां का बयान दर्ज किया।
मामले से जुड़े वकील ने कहा कि जिला न्यायाधीश धर्मेश शर्मा के सामने दुष्कर्म पीड़िता की मां और बहन ने बंद कमरे में अपना बयान दर्ज करवाया और शुक्रवार को भी आगे की कार्यवाही जारी रहेगी।
वकील ने बताया कि अदालत के समक्ष बयान दर्ज कराते वक्त दुष्कर्म पीड़िता की मां मृत पति के कपड़ों को देखकर भावुक हो गईं और रो पड़ीं जिसे देखते हुए अदालत ने शांत होने के लिए उन्हें कुछ समय दिया।
उनकी बेटी के साथ भाजपा से निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने 2017 में कथित तौर पर दुष्कर्म किया था, उस समय पीड़िता नाबालिग थी।
दुष्कर्म पीड़िता के पिता की कथित तौर पर पिटाई की गई थी और अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया था। न्यायिक हिरासत के दौरान 29 अप्रैल 2018 को उनकी मौत हो गई थी। इससे पहले अदालत ने सेंगर और 10 अन्य के खिलाफ आरोप तय किए थे।