उन्नाव रेप केस: भाई के अंतिम संस्कार के लिये तिहाड़ से उन्नाव लाये गये भाजपा विधायक सेंगर
By भाषा | Published: October 28, 2019 05:33 PM2019-10-28T17:33:20+5:302019-10-28T17:33:20+5:30
उन्नाव बलात्कार मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को उनके भाई के अंतिम संस्कार के लिए सोमवार को उन्नाव लाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विधायक सेंगर और उनके भाई अतुल सिंह को अपने भाई मनोज सिंह सेंगर के शव के अंतिम संस्कार के लिए पेरोल पर कड़ी सुरक्षा के बीच उन्नाव के परियर घाट लाया गया।
उन्होंने बताया कि अतुल ने मनोज के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। बाद में दिल्ली पुलिस सेंगर और उनके भाई अतुल को लेकर वापस लौट गयी। इस दौरान घाट पर बड़ी संख्या में विधायक समर्थक मौजूद थे। इस मौके पर उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज, विधायक बंबालाल दिवाकर, पंकज गुप्ता, अनिल सिंह और बृजेश रावत भी मौजूद थे।
मनोज सिंह सेंगर को शनिवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद दिल्ली में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। वह इसी साल 28 जुलाई को रायबरेली में हुई सड़क दुर्घटना के मामले में आरोपी थे।
इस दुर्घटना में, विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी जबकि उसकी रिश्तेदार दो महिलाओं की मृत्यु हो गई थी।