भाजपा विधायक के रिश्तेदार की हत्या के आरोप में दो भाड़े के हत्यारे और एक अन्य गिरफ्तार
By भाषा | Published: November 21, 2020 12:45 AM2020-11-21T00:45:21+5:302020-11-21T00:45:21+5:30
गाजियाबाद, 20नवंबर गाजियाबाद पुलिस ने भाजपा विधायक अजित पाल त्यागी के मामा की हत्या के आरोप में भाड़े के दो हत्यारों को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि इन दोनों के अलावा पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि उस पर नौ अक्टूबर को हुई हत्या में दोनों शार्पशूटरों को हथियार मुहैया कराने का आरोप है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान विपिन मिश्रा और अर्पण चौधरी के तौर पर हुई है। हथियार आपूर्ति करने वाले की पहचान मनोज शर्मा के तौर पर की गई है।
एसएसपी ने बताया कि तीनों को अपराध स्थल के पास कुछ सीटीवी कैमरे में कैद गोलीबारी की घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि मुराद नगर से भाजपा विधायक अजित पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की नौ अक्टूबर को दो मोटरसायकिल सवार बदमाशों ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वह शहर के लोहिया नगर में ऑफिसर्स कॉलोनी के एक पार्क में सुबह की सैर कर रहे थे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।