सिंगरौली जिले में सड़क हादसे में दो की मौत, एक घायल
By भाषा | Published: October 14, 2021 01:37 PM2021-10-14T13:37:26+5:302021-10-14T13:37:26+5:30
सिंगरौली (मप्र), 14 नवंबर मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में ऑटो रिक्शा और एसयूवी की आमने सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुविभागीय अधिकारी राजीव पाठक ने बृहस्पतिवार को बताया कि दुर्घटना जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर माडा थाना क्षेत्र के कोयल खुथ गांव में बुधवार रात को हुई।
उन्होंने बताया कि हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार रमेश कुमार सिंह (34) और शैलेश प्रसाद शाह (36) की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। अधिकारी ने बताया कि सभी पीड़ित स्थानीय निवासी थे।
उन्होंने कहा कि एसयूवी चालक दुर्घटना के बाद घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर धरना दिया और इलाके से गुजरने वाले वाहनों की गति पर लगाम लगाने की मांग की। पुलिस अधिकारियों के इस बारे में आश्वासन देने पर लोगों ने धरना समाप्त किया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।