'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद कश्मीर दर्शन में बहन प्रियंका संग व्यस्त नजर आए राहुल गांधी, दरगाह और मंदिर भी गए
By सुरेश एस डुग्गर | Published: January 31, 2023 07:38 PM2023-01-31T19:38:57+5:302023-01-31T19:46:55+5:30
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी, उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार सुबह श्रीनगर के हजरतबल दरगा और गांदरबल के क्षीरभवानी मंदिर का दर्शन किया।

'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद कश्मीर दर्शन में बहन प्रियंका संग व्यस्त नजर आए राहुल गांधी, दरगाह और मंदिर भी गए
जम्मू: करीब डेढ़ सौ दिनों तक चली भारत जोड़ो यात्रा के समापन के बाद तनाव से मुक्ति प्राप्त करने के लिए राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को कश्मीर दर्शन को निकले। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी, उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार सुबह श्रीनगर की हजरतबल दरगाह और गांदरबल के क्षीरभवानी मंदिर का दर्शन किया।
मिलने वाली रिपोर्टों में कहा गया है कि राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ गांदरबल में क्षीर भवानी मंदिर और श्रीनगर में हजरतबल दरगाह का दौरा किया। गांधी ने सोमवार देर शाम अन्य लोगों के साथ श्रीनगर में बुलेवार्ड रोड पर बर्फ में फंसी एक निजी कार को भी धक्का दिया।
अपने आधिकारिक यूटयूब चैनल पर एक वीडियो साझा करते हुए, राहुल गांधी को एक कार को धक्का देते हुए देखा गया, जो सोमवार को शहर में हुई बर्फबारी के कारण फंस गई थी। वीडियो में राहुल गांधी को श्रीनगर में प्रसिद्ध डल झील के किनारे बुलेवार्ड रोड पर चलते हुए भी देखा गया और उन्होंने नाविकों और विक्रेताओं सहित स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।