तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 'महिला संवाद यात्रा' पर होने वाले खर्चे को लेकर उठाया सवाल
By एस पी सिन्हा | Published: December 10, 2024 04:19 PM2024-12-10T16:19:48+5:302024-12-10T16:19:57+5:30
दरअसल, बीते 19 नवंबर को नीतीश कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान राज्य में महिला संवाद कार्यक्रम को आयोजित कराने के मद में दो सौ पच्चीस करोड़ अठहत्तर लाख रुपए (225,78,00,00) खर्च करने के प्रस्ताव पर स्वीकृति दी गई थी।
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिला संवाद यात्रा पर निकलने पर होने वाले सरकारी खर्च को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को फिर से तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मात्र 15 दिनों की यात्रा में अरबों रुपए बिहार के खजाने से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने प्रचार-प्रसार की बाढ़ में बहाने जा रहे है। दरअसल, बीते 19 नवंबर को नीतीश कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान राज्य में महिला संवाद कार्यक्रम को आयोजित कराने के मद में दो सौ पच्चीस करोड़ अठहत्तर लाख रुपए (225,78,00,00) खर्च करने के प्रस्ताव पर स्वीकृति दी गई थी।
अब तेजस्वी यादव ने कैबिनेट के फैसले को आधार बनाते हुए सरकार को घेरने की कोशिश की है। तेजस्वी ने बयान जारी कर कहा है कि “2 अरब 25 करोड़ 75 लाख रुपए! जी हाँ! आपने सही सुना और ये कैबिनेट नोट भी सही पढ़ा। मात्र 15 दिनों की यात्रा में अरबों रुपए बिहार के खजाने से मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार अपने प्रचार प्रसार की बाढ़ में बहाने जा रहे है”।
तेजस्वी ने कहा कि, “20 बरस तक बिहार को बेतहाशा बेरोजगारी, बड़े पैमाने पर पलायन, जानलेवा महंगाई, अपरम्पार अपराध तथा भीषण भ्रष्टाचार की आग में झोंक कर श्री नीतीश कुमार द्वारा पिछड़े व गरीब राज्य की गरीब जनता का 225,78,00,000 ₹ अपनी चुनावी पिकनिक पर फिजूलखर्ची करना क्या जायज है?”
उन्होंने आगे कहा कि “जीविका दीदियों के दर्द, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ ध्वस्त हुए सैंकड़ों पुल-पुलिया, अनियंत्रित अपराध, बेलगाम महंगाई, रिकॉर्डतोड़ बेरोजगारी, प्रशासनिक अराजकता, थानों व ब्लॉक में अन्याय अत्याचार व रिश्वतखोरी की पराकाष्ठा, जहरीली शराब से हजारों लोगों की मौत, शराबबंदी की विफलता, स्मार्ट मीटर की भारी धोखाधड़ी,संस्थागत भ्रष्टाचार, अफसरशाही इत्यादि को कोई भी यात्रा अब इनके विनाश की मात्रा को नहीं छिपा सकती?”
तेजस्वी यादव आगे लिखा कि छात्राओं व महिलाओं के लिए जमीन पर कुछ नहीं लेकिन प्रचार के लिए अरबों रुपयों को अधिकारियों के हाथों लुटाया जा रहा है। संवाद के शून्य मुद्दों पर नीतीश कुमार 225,78,00,000 करोड़ रुपए खर्च करने जा रहे है। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 दिसंबर से महिला संवाद यात्रा पर जाने वाले हैं। अगले साल बिहार विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में इसे चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।