सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं सुषमा स्वराज, टि्वटर पर हैं 1.32 करोड़ फॉलोअर्स, 80 हजार लोगों की मदद की
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 7, 2019 03:27 PM2019-08-07T15:27:33+5:302019-08-07T15:27:33+5:30
सुषमा स्वराज ट्विटर पर काफी सक्रिय रहती थीं। विदेश मंत्री रहते हुए वह ट्विटर पर शिकायत मिलते ही विदेश मंत्रालय से जुड़ीं पासपोर्ट आदि समस्याओं का समाधान कर देती थीं।
जन नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज नहीं रहीं। सात बार सांसद और तीन बार विधायक रहीं सुषमा स्वराज लोगों के बीच अपार लोकप्रिय थीं। सोशल मीडिया पर इनके फॉलोअर्स की संख्या 1 करोड़ 32 लाख हैं। सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थीं।
सुषमा स्वराज ने अस्वस्थता के कारण ही पिछला लोकसभा चुनाव न लड़ने का फैसला लिया था। उनके इस निर्णय पर बीजेपी के ही समर्थकों में हैरानी थी।कई लोगों ने उनसे चुनाव लड़ने की अपील की थी। इस पर सुषमा स्वराज ने जवाब दिया था कि- 'मेरे चुनाव ना लड़ने से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता।
नरेंद्र मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने में हम सब जी जान लगा देंगे।' सुषमा स्वराज ट्विटर पर काफी सक्रिय रहती थीं। विदेश मंत्री रहते हुए वह ट्विटर पर शिकायत मिलते ही विदेश मंत्रालय से जुड़ीं पासपोर्ट आदि समस्याओं का समाधान कर देती थीं।
उनका निधन मंगलवार देर रात दिल्ली एम्स में हुआ। उन्होंने राजनीतिक जीवन में कई मुकाम हासिल किए थे। उन्होंने विदेश मंत्रालय के कामकाज में मानवीय संवेदनाओं को प्रमुखता दी। विदेशों में बसे भारतीय अगर किसी मुश्किल में होते तो वे फौरन सुषमा को याद करते। जून 2017 में सुषमा ने ट्वीट किया था कि अगर आप मंगल ग्रह पर भी फंस गए हैं तो वहां भी भारतीय दूतावास मदद करेगा।
यही वजह रही कि सुषमा टि्वटर पर 1.32 करोड़ फॉलोअर्स के साथ दुनिया की सबसे चर्चित महिला नेता थीं। इस मंच के जरिए उन्होंने देश-दुनिया में 80 हजार लोगों की मदद की। पासपोर्ट बनवाने में भी मदद की। वो अपने त्वरित ट्वीट के लिए जानी जाती थीं।
शीला दीक्षित के निधन पर इरफान ए खान ने ट्वीट किया कि आपकी भी बहुत याद आएगी एक दिन शीला दीक्षित की तरह अम्मा। सुषमा ने जवाब दिया, ‘इस भावना के लिए अग्रिम धन्यवाद।’