2023 में खूब सताएगी गर्मी, अप्रैल से जून तक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना, आईएमडी ने दी जानकारी
By शिवेंद्र कुमार राय | Published: April 1, 2023 05:36 PM2023-04-01T17:36:40+5:302023-04-01T17:38:54+5:30
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि देश के ज्यादातर हिस्सों में अप्रैल से जून तक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार अप्रैल और मई में इस साल गर्मी बहुत सताएगी।

अप्रैल से जून तक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना
नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में इस समय बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम खुशगवार है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि ऐसा लंबे समय तक नहीं रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि देश के ज्यादातर हिस्सों में अप्रैल से जून तक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अप्रैल और मई में इस साल गर्मी बहुत सताएगी। अप्रैल में सामान्य बारिश होने की संभावना है। उत्तरपश्चिमी, मध्य और प्रायद्वीपीय क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से कम बारिश की संभावना है।
शनिवार (1 अप्रैल) को आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में ज्यादा गर्मी पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वोत्तर और उत्तरपश्चिमी भारत और प्रायद्वीपीय क्षेत्र में गर्मी का असर कम रहेगा। इस साल तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, इसलिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इससे निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी करनी चाहिए।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरे उत्तर प्रदेश में बदलते मौसम के लिए भी एक हाई अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने कहा है कि राज्य के कई शहर और जिलों में गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि हाल में ही हुई बारिश के कारण फसलें काफी बर्बाद हुए है, ऐसे में बेमौसम हुए बारिश ने राज्य के किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
पूरे उत्तर प्रदेश में शनिवार, एक अप्रैल और कल यानी रविवार, 2 अप्रैल को गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने यह भी बताया है कि बारिश के दवाएं भी ठंडी हो गई है। ऐसे में राज्य के कई इलाकों में ठंड भी महसूस की जा रही है।