आयुर्वेद डॉक्टर का दावा- प्रिंस चार्ल्स को कोरोना से ठीक किया, केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपाद येशो नाइक ने दिया हवाला
By भाषा | Published: April 3, 2020 05:40 AM2020-04-03T05:40:01+5:302020-04-03T05:40:01+5:30
केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपाद येशो नाइक ने कहा, ‘‘बेंगलुरु में एक आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं जो ‘सौख्य’ नाम से एक आयुर्वेद रिसार्ट चलाते हैं। उन्होंने मुझे फोन कर बताया कि प्रिंस चार्ल्स का कोरोना वायरस संक्रमण उनकी दवाई से सही हुआ। यह आयुर्वेद और होम्योपैथी का मिश्रण है।’’
केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपाद येशो नाइक ने बृहस्पतिवार को कहा कि बेंगलुरु के एक आयुर्वेदिक चिकित्सक ने दावा किया था कि उनके फॉर्मूला से ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स कोरोना वायरस संक्रमण से उबर गए।
नाइक ने यहां अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा कि यह दिखाता है कि आयुर्वेद और होम्योपैथिक दवाएं किस तरह कोरोना वायरस के उपचार में कारगर हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बेंगलुरु में एक आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं जो ‘सौख्य’ नाम से एक आयुर्वेद रिसार्ट चलाते हैं। उन्होंने मुझे फोन कर बताया कि प्रिंस चार्ल्स का कोरोना वायरस संक्रमण उनकी दवाई से सही हुआ। यह आयुर्वेद और होम्योपैथी का मिश्रण है।’’
प्रिंस चार्ल्स को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी और वह स्वत: पृथक रहे थे।