'फिर साबित हुआ पीएम मोदी की हर विफलता के लिए नेहरू जिम्मेदार हैं', अमेरिका में कमला हैरिस की जीत के बहाने शत्रुघ्न सिन्हा ने कसा तंज
By विनीत कुमार | Published: November 8, 2020 01:53 PM2020-11-08T13:53:17+5:302020-11-08T14:10:12+5:30
शत्रुघ्न सिन्हा ने अमेरिकी चुनाव में कमला हैरिस की सफलता पर उन्हें ट्वीट कर बधाई दी है। साथ ही उन्होंने इस जीत के बहाने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसा है। कमला हैरिस अमेरिका की अगली उपराष्ट्रपति बनने जा रही हैं।
अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के बाद दुनिया भर से तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडन का अमेरिका का अगला राष्ट्रपति बनना तय हो गया है। भारत के लिए भी ये खास लम्हा है क्योंकि भारतीय मूल की कमला हैरिस अमेरिका की अगली उप-राष्ट्रपति बनने जा रही हैं। पहली बार भारतीय मूल की कोई महिला अमेरिका में इस शीर्ष पद पर जगह बनाएगी।
कमला हैरिस की इसी सफलता के बहाने शत्रुघ्न सिन्हा ने भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कई सालों तक बीजेपी से साथ रहे शत्रुघ्न सिन्हा अब पार्टी का दामन छोड़ चुके हैं। कई मौकों पर वे पीएम मोदी की मुखर आलोचना करते हुए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एक बार फिर ये साबित हुआ है कि 'नेहरू जी ही मोदी जी की सभी विफलताओं की वजह हैं।'
शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट किया, 'अगर नेहरू जी के संयुक्त सचिव पीवी गोपालन ने अपनी बेटी श्यामला को बर्कले में पढ़ने के लिए नहीं भेजा होता तो वहां उनकी शादी नहीं होती और उन्होंने कमला हैरिस को जन्म नहीं दिया होता, जिन्होंने जो बाइडन के साथ मिलकर मोदी दी के विजन 'अब की बार ट्रंप सरकार' को हरा दिया। ये एक और सबूत है कि नेहरू जी ही मोदी जी की सभी विफलताओं की वजह हैं।'
another proof that Nehru ji is responsible for all the failures of Modi ji.😉☺️☺️😂
— Shatrughan Sinha (@ShatruganSinha) November 8, 2020
शत्रुघ्न ने कमला हैरिस को जीत की बधाई देते हुए एक और तस्वीर ट्वीट की। उन्होंने कहा कि कमला हैरिस के साथ कैंपेन में शामिल युवा टीम में उनकी भतीजी प्रीता सिन्हा भी अहम हिस्सा थी। उन्होंने बताया कि प्रीता उनके बड़े भाई लखन सिन्हा की बेटी हैं और कमला हैरिस के लिए इस कैंपेन में काफी काम कर रही थीं।
promoting & encouraging our own Kamala & her people for this outstanding mega win. Our daughter, Preeta too deserves Kudos! Well done! God Bless! pic.twitter.com/MY4FSLl3Rv
— Shatrughan Sinha (@ShatruganSinha) November 8, 2020
बता दें कि जो बाइडन की जीत की खबर भारतीय समय के अनुसार शनिवार देर रात आई। इससे पहले तीन दिनों तक मामला फंसा हुआ था और एक समय इस चुनाव के परिणाम को लेकर कई तरह की आशंकाएं लगाई जा रही थी।
बहरहाल डोनाल्ड ट्रंप ने अभी भी हार नहीं मानी है और चुनाव प्रकिया में गड़बड़ी के अपने आरोपों पर कायम हैं। उन्होंने अपने ताजा ट्वीट में कहा कि उन्हें 7.1 करोड़ से अधिक वैध वोट मिले हैं और वे ही विजेता हैं। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 3 नवंबर को मतदान हुए थे। अमेरिकी संविधान के अनुसार बाइडन जनवरी में राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण करेंगे।