कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और आठ बार के विधायक आर्यदन मोहम्मद का 87 की उम्र में निधन
By भाषा | Published: September 25, 2022 09:54 AM2022-09-25T09:54:44+5:302022-09-25T09:59:31+5:30
मोहम्मद केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ई के नयनार के नेतृत्व वाली पहली सरकार में मंत्री भी थे। उन्होंने एके एंटनी और ओमन चांडी के नेतृत्व वाली सरकारों में भी मंत्री पद संभाला था।
कोझिकोडः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और आठ बार के विधायक आर्यदन मोहम्मद का रविवार को कोझिकोड में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। तीन बार मंत्री रहे मोहम्मद का पिछले एक सप्ताह से कोझिकोड के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्होंने 1977 से 2011 तक आठ बार केरल के नीलांबुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
मोहम्मद केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ई के नयनार के नेतृत्व वाली पहली सरकार में मंत्री भी थे। उन्होंने एके एंटनी और ओमन चांडी के नेतृत्व वाली सरकारों में भी मंत्री पद संभाला था। मोहम्मद के बेटे आर्यदन शौकत ने संवाददाताओं से कहा, “मेरे पिता का पार्थिव शरीर रविवार को नीलांबुर ले जाया जाएगा, जहां आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।
वह (मोहम्मद) पिछले एक हफ्ते से आईसीयू (सघन चिकित्सा इकाई) में भर्ती थे।” शौकत ने बताया कि मोहम्मद का अंतिम संस्कार सोमवार को सुबह नौ बजे किया जाएगा।