अयोध्या: नीलगाय द्वारा हमले में निर्माणाधीन राम मंदिर स्थल का सुरक्षाकर्मी घायल, जान बचाने के लिए करीब 10 मिनट तक लड़ता रहा जवान
By भाषा | Published: January 16, 2023 02:00 PM2023-01-16T14:00:39+5:302023-01-16T14:09:57+5:30
ऐसे में अधिकारियों के अनुसार, राम जन्मभूमि परिसर में मंदिर निर्माण के लिए तीन सौ से अधिक मजदूर 24 घंटे काम कर रहे हैं और 3,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी मंदिर में तैनात हैं।

फोटो सोर्स: ANI फाइल फोटो
लखनऊ:अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर स्थल पर नीलगाय के हमले में एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि नीलगाय को पहले राम जन्मभूमि के 100 एकड़ से अधिक परिसर में देखा गया था।
करीब 10 मिनट तक नीलगाय से लड़ता रहा सुरक्षाकर्मी
इस पर बोलते हुए अधिकारियों ने कहा कि प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) की 32वीं बटालियन के कमांडो मोहम्मद हनीफ पर रविवार को नीलगाय ने हमला किया था। राम जन्मभूमि पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि हनीफ नीलगाय से बचने के लिए कम से कम दस मिनट तक उससे लड़ता रहा था। उन्होंने कहा कि उसे बुरी तरह घायल अवस्था में फैजाबाद जिला अस्पताल ले जाया गया है।
300 से अधिक मजदूर कर रहे है 24 घंटा काम- अधिकारी
अधिकारियों ने कहा कि हनीफ का फैजाबाद जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है और उसकी हालत स्थिर है। अधिकारियों के अनुसार, राम जन्मभूमि परिसर में मंदिर निर्माण के लिए तीन सौ से अधिक मजदूर 24 घंटे काम कर रहे हैं और 3,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी मंदिर में तैनात हैं।
ये नीलगाय राममंदिर आने वालों के लिए है चुनौती-मुख्य पुजारी
यहां हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन परिसर में दर्शन करने के लिए आते हैं। राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि नीलगाय श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं, सुरक्षाकर्मियों, पुजारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए एक चुनौती है।