श्रीलंका आतंकवादी हमले के बाद दक्षिणी राज्यों में सुरक्षा की गई कड़ी

By भाषा | Published: April 23, 2019 04:44 AM2019-04-23T04:44:47+5:302019-04-23T04:44:47+5:30

श्रीलंका में रविवार को ईस्टर के मौके पर एक इस्लामी कट्टरपंथी संगठन से संबद्ध सात आत्मघाती हमलावरों ने गिरजाघरों तथा होटलों को निशाना बनाकर घातक विस्फोटों को अंजाम दिया था जिनमें अब तक 290 लोग की जान जा चुकी है और अन्य 500 लोग घायल हैं।

Security link in southern states after Sri Lanka's terrorist attack | श्रीलंका आतंकवादी हमले के बाद दक्षिणी राज्यों में सुरक्षा की गई कड़ी

भारतीय खुफिया एजेंसी ने संभावित आतंकवादी हमले के बारे में श्रीलंकाई अधिकारियों को पहले से सूचना दी थी।

Highlightsदिल्ली, मुम्बई, चेन्नई, बेंगलुरू और गोवा जैसे प्रमुख शहरों के संवेदनशील स्थानों पर भी एहतियाती कदम उठाते हुए सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।श्रीलंका में रविवार को हुए सिलसिलेवार विस्फोटों के मद्देनजर दक्षिण राज्यों के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किये गये है।

श्रीलंका में आतंकवादी हमले के बाद देश के दक्षिणी राज्यों, विशेषकर गिरजाघरों और अन्य धार्मिक स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। श्रीलंका में रविवार को हुए आतंकवादी हमले में आठ भारतीयों सहित 290 लोग मारे गये और 500 से अधिक घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि दिल्ली, मुम्बई, चेन्नई, बेंगलुरू और गोवा जैसे प्रमुख शहरों के संवेदनशील स्थानों पर भी एहतियाती कदम उठाते हुए सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्रीलंका में रविवार को हुए सिलसिलेवार विस्फोटों के मद्देनजर तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गिरजाघरों तथा अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किये गये है।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय एजेंसियां इस मामले को सुलझाने में श्रीलंका के जांचकर्ताओं की मदद कर रही है। हालांकि अधिकारियों ने उस रिपोर्ट के बारे में चुप्पी साधे रखी जिसमें कहा गया था कि एक भारतीय खुफिया एजेंसी ने संभावित आतंकवादी हमले के बारे में श्रीलंकाई अधिकारियों को पहले से सूचना दी थी।

गौरतलब है कि श्रीलंका में रविवार को गिरजाघरों तथा पांच सितारा होटलों में ईस्टर के मौके पर आत्मघाती हमलों सहित आठ बम धमाकों में कम से कम 290 लोग मारे गये हैं और करीब 500 लोग घायल हुए हैं। श्रीलंका में सोमवार की आधी रात से आपातकाल लगाया जाएगा। राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) की एक बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया। अभी तक किसी ने भी इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन पुलिस ने विस्फोटों के सिलसिले में अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। 

Web Title: Security link in southern states after Sri Lanka's terrorist attack

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे