राफेल पर फैसले के बाद राजनाथ सिंह ने कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा पर राजनीति नहीं होनी चाहिए

By भाषा | Published: November 14, 2019 11:21 PM2019-11-14T23:21:43+5:302019-11-14T23:21:43+5:30

रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘कुछ राजनीतिक दलों और उनके नेताओं द्वारा राफेल विमान खरीद सौदे में लगाये गये आरोप अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, अवांछित और दुर्भावना से भरे थे।''

Rajnath Singh on Rafale Deal says There should be no politics on national security | राफेल पर फैसले के बाद राजनाथ सिंह ने कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा पर राजनीति नहीं होनी चाहिए

राफेल पर फैसले के बाद राजनाथ सिंह ने कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा पर राजनीति नहीं होनी चाहिए

Highlightsराफेल विमानों को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से खरीदा गया: राजनाथ सिंह भारत की जनता कांग्रेस के निंदा अभियान तथा आक्षेपों के लिए उन्हें माफ नहीं करेगी: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि राफेल सौदे पर उच्चतम न्यायालय का फैसला, निर्णय लेने में राजग सरकार की पारदर्शिता पर फैसला है और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का राजनीतिकरण कभी नहीं होना चाहिए। रक्षा मंत्रालय ने नयी दिल्ली में एक अलग बयान में कहा कि इस फैसले से सैन्य खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठाने की उस कवायद का अंत हो गया है जो सशस्त्र बलों का मनोबल प्रभावित करने वाला था।

सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि खराब करने के लिए भ्रष्टाचार के आरोप लगाये गये और इसके लिए पार्टी को माफी मांगनी चाहिए। वह यहां एक सैन्य कार्यक्रम के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं राफेल मामले में पुनर्विचार याचिकाओं को स्पष्ट तौर पर खारिज करने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का तहेदिल से स्वागत करता हूं और इस फैसले के साथ ही राजग सरकार का रुख साबित हो जाता है।

शीर्ष अदालत का फैसला निर्णय लेने में हमारी सरकार की पारदर्शिता पर भी फैसला है।’’ सिंह ने कहा कि राफेल विमानों को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से खरीदा गया और इसमें भारत की रक्षा संबंधी तैयारियों को उन्नत करने की तत्काल आवश्यकता को ध्यान में रखा गया।

रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘कुछ राजनीतिक दलों और उनके नेताओं द्वारा राफेल विमान खरीद सौदे में लगाये गये आरोप अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, अवांछित और दुर्भावना से भरे थे। शीर्ष अदालत के फैसले ने अंतत: ऐसे नेताओं को उल्टे सीधे आरोप लगाते समय सावधानी बरतने के लिए चेताया है।’’

राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘राफेल सौदे में भ्रष्टाचार के आरोप केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की साफ-सुथरी और ईमानदार छवि को खराब करने की कोशिश है। भारत की जनता कांग्रेस के निंदा अभियान तथा आक्षेपों के लिए उन्हें माफ नहीं करेगी। कांग्रेस को लोगों को गुमराह करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।’’

वह अरुणाचल प्रदेश के तवांग में मैत्री दिवस समारोह में शामिल होने के बाद बोल रहे थे। तवांग के ग्वालवा सांगयांग ग्यात्सो हाई अल्टीट्यूड स्टेडियम में दो दिनों तक मैत्री दिवस मनाया जाएगा। 

Web Title: Rajnath Singh on Rafale Deal says There should be no politics on national security

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे