राजस्थान: जालोर में मटका छूने पर 9 साल के दलित बच्चे की शिक्षक से बुरी तरह पिटाई से मौत, तनाव के बाद इंटरनेट बंद
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 14, 2022 07:25 AM2022-08-14T07:25:55+5:302022-08-14T07:29:04+5:30
राजस्थान को जालोर में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। एक स्कूल में दलित बच्चे की बुरी तरह पिटाई से उसकी मौत हो गई है। बताया जाता है कि बच्चे ने पेयजल का मटका छू लिया था। इसके बाद उसकी पिटाई की गई।

राजस्थान: जालोर में मटका छूने पर 9 साल के दलित बच्चे की शिक्षक से बुरी तरह पिटाई से मौत, तनाव के बाद इंटरनेट बंद
जोधपुर: राजस्थान में जालोर जिले के एक निजी स्कूल में एक अध्यापक ने पेयजल का मटका छूने पर नौ वर्षीय एक दलित बच्चे को कथित रूप से पीटा, जिसके बाद शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने 40-वर्षीय अध्यापक चैल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर हत्या और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं।
सुराणा गांव में एक निजी स्कूल के छात्र इंद्र मेघवाल की 20 जुलाई को पिटाई की गई थी और अहमदाबाद के एक अस्पताल में शनिवार को उसकी मौत हो गई। इस बीच इलाके में लोगों में आक्रोश और तनाव के माहौल के बीच जालोर में इंटरनेट 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। पूरी घटना को लेकर भाजपा ने भी राज्य की अशोक गहलोत की सरकार पर निशाना साधा है।
वहीं, राज्य के शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जालोर के पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि लड़के को बुरी तरह से पीटा गया था। उन्होंने कहा कि बताया गया है कि पीने के पानी का बर्तन छूने के कारण बच्चे की पिटाई की गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी जांच की जानी है।
#जालोर_पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही कर #बालक_की_हत्या के मामले में निजी विद्यालय के #आरोपी_शिक्षक को लिया पुलिस #हिरासत मे।@RajCMO@PoliceRajasthan@DIPRRajasthan@Igp_Jodhpur@DmJalore@hva_ipspic.twitter.com/vjEj1fFOlF
— Jalore Police (@JalorePolice) August 13, 2022
बच्चे के पिता ने कहा कि उसके बेटे के चेहरे और कान पर चोटें आई थीं और वह लगभग बेहोश हो गया था। पिता के अनुसार, उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे उदयपुर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। लड़के के पिता देवाराम मेघवाल ने कहा, ‘‘वह (बच्चा) लगभग एक सप्ताह तक उदयपुर के अस्पताल में भर्ती रहा, लेकिन कोई सुधार नहीं होने पर हम उसे अहमदाबाद ले गए। उसकी हालत में वहां भी सुधार नहीं हुआ और उसने शनिवार को दम तोड़ दिया।’’
राज्य के शिक्षा विभाग ने दो अधिकारियों को मामले की जांच कर इसकी रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया है।
(भाषा इनपुट)